महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, टेंपो चालक सहित तीन आरोपी गिरफ्तार


गदरपुर। काशीपुर से गदरपुर आ रही महिला के साथ टेंपो में सवार दो लोगों ने सामूहिक रूप से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर टेंपो चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
बाजपुर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला 17 अप्रैल की सुबह चार बजे ट्रेन से दिल्ली से काशीपुर आई थी। महिला गदरपुर आने के लिए एक टेंपो में बैठ गई। टेंपो में कुछ सवारियां पहले से बैठी थी जिनमें से दो सवारियां सुल्तानपुर पट्टी में उतर गई। सुल्तानपुर पट्टी से आगे बढ़ने पर टेंपो में सवार दो लोगों ने महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने चालक से टेंपो रोकने के लिए कहा लेकिन उसने टेंपो की रफ्तार बढ़ा दी और टेंपो को सुनसान जगह पर ले गया। जहां टेंपो में सवार दोनों लोगों ने पर्दे गिराकर बारी बारी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसके पास मौजूद नकदी, चांदी की पायल और सामान लूट लिया।
उन्होंने महिला को मसीत रोड पर अर्धबेहोशी की हालत में फेंक दिया। होश आने पर महिला अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया। महिला के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने टेंपो चालक सहित तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान ने आरोपियों की खोजबीन के लिए पुलिस टीम गठित कर सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध लोगों पर नजर रखनी शुरू की और मुखबिर को अलर्ट कर दिया। इस बीच पुलिस को एक संदिग्ध टेंपो को लेकर शक गहरा गया। शुक्रवार को पुलिस ने नवाबगंज रोड से अलखदेवी रोड पर एक टेंपो को रोककर उसमें सवार ग्राम मज़हरशिला निवासी गौरव, वार्ड नंबर चार इंटर कालेज के पीछे रहने वाले विक्की और ब्लॉक कालोनी के पीछे रहने वाले अनिल गुप्ता को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पूछताछ में अनिल गुप्ता और विक्की ने नशे की हालत में महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने की बात को कुबूल किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टेंपो, महिला की लूटी गई एक चांदी की पायल, आधार कार्ड, रेलवे का टिकट और 840 रुपए की नकदी भी बरामद की। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका टम्टा, उपनिरीक्षक बसंत कुमार, सिपाही मोहन बोरा और कुंदन टम्टा शामिल थे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com