गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय के लगभग दस किमी दूर रपाली ग्राम पंचायत के ललतरानी गांव में गुलदार ने एक दस वर्षीय बालक को अपना निवाला बनाया
पिथौरागढ़: पहाड़ पर हिंसक होते जा रहे वन्यजीवों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय के लगभग दस किमी दूर रपाली ग्राम पंचायत के ललतरानी गांव में गुलदार ने एक दस वर्षीय बालक को अपना निवाला बनाया। घटना के बाद गांव में दहशत बनी है।
मंगलवार सायं को गोकुल (10) पुत्र अर्जुन राम अपनी 13 वर्षीय बहन के साथ घर से लगभग तीन सौ मीटर दूर जोग्युड़ा स्थित दुकान से सामान खरीदने गया था। दोनों भाई बहन दुकान से सामान खरीद कर जब घर को लौट रहे थे तो दुकान से सौ मीटर नीचे झाडिय़ों में छिपे गुलदार ने गोकुल पर हमला किया और उसे मौके पर ही मारकर उसका मांस खाने लगा। यह सब देख कर मृतक की तेरह वर्षीय बहन चिल्लाते हुए भागी । उसके चिल्लाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे । गुलदार गोकुल के शव को छोड़ कर भाग गया। ग्रामीणों को गोकुल का शव घटनास्थल के कुछ मीटर दूर मिला। घटना की सूचना वन विभाग , पुलिस और प्रशासन को दी गई ।
सूचना मिलते ही तहसील मुख्यालय से वन रेंजर मनोज सनवाल, थानाध्यक्ष दिनेश बल्लभ और पटवारी विजय पंत अपनी टीम के साथ मौके को रवाना हुए। गुलदार का शिकार बना गोकुल घर का एकलौता चिराग है। उसका पिता अर्जुन राम मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। इस घटना के बाद उसके घर पर कोहराम मचा है। उसकी मां बेहोश है। गांव के भीतर ही गुलदार द्वारा बालक को मारे जाने से गांव में दहशत बनी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकडऩे के लिए पिंजरा लगाने और शिकारी तैनात कर गुलदार को मारने की मांग की है। इस क्षेत्र के बिरगोली गांव में एक वर्ष पूर्व गुलदार ने एक बारह वर्षीय बालक को अपना निवाला बनाया था। कुछ माह पूर्व बोयल गांव में घर में घुस कर गुलदार ने एक ग्रामीण को घायल किया था।
नेपाली बालिका को भी बना चुका है निवाला
यहां से लगभग दस किमी दूर जरमाल गांव में बीते दिनों गुलदार ने एक नेपाली बालिका को अपना निवाला बनाया। बीते सप्ताह वन विभाग द्वारा तैनात शिकारी ने जरमाल गांव में आदमखोर गुलदार को ढेर किया था। आदमखोर को मारे अभी एक सप्ताह भी नहीं हुआ है मंगलवार को ललतरानी गांव में गुलदार ने एक बालक को अपना शिकार बनाया है। जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में दहशत बनी है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…स्कूल जा रहे प्रधानाचार्य की धारदार हथियार से हत्या, बागेश्वर में सनसनी
उत्तराखंड…36 लाख के गबन में डाकपाल दोषी —अदालत ने सुनाई तीन साल की सजा