इंस्पिरेशन स्कूल के वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम-2026’ में बच्चों ने नृत्य-संगीत से दिया विश्व शांति और सामाजिक एकता का संदेश
हल्द्वानी/काठगोदाम। इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काठगोदाम का वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम-2026’ शनिवार, 24 अक्टूबर को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनमोहक नृत्यों, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक एकता, विश्व शांति, देशभक्ति और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. एसके कश्यप, कुलपति गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, तथा विशिष्ट अतिथि इंस्पिरेशन स्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य एचके जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक दीपक बल्यूटिया, चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया, संजय बल्यूटिया, गायत्री बल्यूटिया, प्रबंध समिति की सदस्य आयुषी बल्यूटिया, तक्ष बल्यूटिया, प्रधानाचार्य अनुराग माथुर, नगर के प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्रबंधक और पीएसए के सदस्य मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र और समावेशी विकास अत्यंत महत्वपूर्ण है। माता-पिता को बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने, क्षमताओं को निखारने और स्वयं को बेहतर ढंग से अभिव्यक्त करने के पर्याप्त अवसर देने चाहिए। केवल अकादमिक शिक्षा ही जीवन में सफलता का निर्धारण नहीं करती, बल्कि अन्य गतिविधियां भी बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कक्षा नर्सरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने ‘रॉबिन हुड’ थीम के अंतर्गत ‘ट्राई एवरीथिंग’, ‘व्हाट वी गॉट’, ‘हैप्पी’, ‘प्रिंस अली’, ‘शो योरसेल्फ’, ‘स्पाइडर मैन’, ‘आई कैन डू दिस ऑल डे’ और ‘मुफासा: द लायन किंग’ सहित कई आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विश्व में शांति, सद्भाव और सकारात्मकता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के संघर्षपूर्ण जीवन और उपलब्धियों को मंच पर जीवंत किया। एक सैनिक से महान हॉकी खिलाड़ी बनने तक की उनकी यात्रा को खेल, नृत्य और लघु नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इस दौरान हैप्पी डांस, ‘परवाह नहीं’, आर्मी डांस, हॉकी डांस, कंटेम्पररी डांस, योग और स्पोर्ट्स मिक्स डांस प्रमुख आकर्षण रहे।
समारोह में कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों ने ‘द म्यूजियम’ कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न देशों की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया। इसके अंतर्गत इंटरनेशनल डांस, चाइनीज नटराज और इजिप्शियन डांस की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, ब्रिटिश शासन के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों पर किए गए अत्याचारों को जेल एक्ट और नृत्य के माध्यम से मंचित किया गया। कालापानी में स्वतंत्रता सेनानियों के साथ हुई बर्बरता के मार्मिक चित्रण ने दर्शकों को भावुक कर दिया और यह प्रस्तुति चर्चा का विषय बनी रही।
विद्यालय के जूनियर और सीनियर म्यूजिक बैंड ने भी विभिन्न गीतों की प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही बटोरी। संगीत कार्यक्रम समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा। मुख्य अतिथि डॉ. एसके कश्यप ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को विकसित करने में सहायक होते हैं।
समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं और 12वीं में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य अनुराग माथुर ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने वार्षिकोत्सव को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा 12 के हसन सुहेल और जितेंद्र सिंह गड़िया, कक्षा 11 के आरुष लोहनी, तमन्ना भट्ट और समृद्धि शर्मा, कक्षा 10 के मिहिर प्रताप सिंह बिष्ट और सुहाना जोशी, कक्षा नौ की अदिति भट्ट, गुरनूर कौर, मेहुल जोशी और शुभांगिनी जोशी सहित विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने किया। कक्षा सात से उदय सिंह मेर, प्रियांशी और ईशा रावत, कक्षा छह से पलाक्षा तिवारी, कक्षा चार से अरुणम साह, कक्षा पांच से अद्विका जोशी तथा कक्षा तीन से अवनी जोशी ने भी संचालन में सहयोग दिया। वार्षिकोत्सव की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



मुख्यमंत्री धामी आज पिथौरागढ़ दौरे पर -आदि कैलाश परिक्रमा रन में होंगे शामिल, विकास योजनाओं की देंगे सौगात
UK-सिरप की जगह गलती से कीटनाशक पी गई महिला, जिला अस्पताल में भर्ती
छह छात्राओं को निशाना बनाकर अश्लील हरकतें और तेजाब फेंकने की धमकी -नेपाल भागने की फिराक में मुख्य आरोपी बनबसा से गिरफ्तार