UKnews-गोरापड़ाव फ्लाईओवर सड़क हादसे में तीसरे किशोर की भी मौत -घायल युवती का उपचार जारी
हल्द्वानी। गोरापड़ाव फ्लाईओवर तीनपानी के शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रांजय मावड़ी ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के दिन ही दो किशोरों की मौके पर मौत हो गई थी। इस तरह दुर्घटना में जान गंवाने वालों की संख्या तीन हो गई है, जबकि घायल युवती का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
शुक्रवार को तीनपानी के पास गोरापड़ाव फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई थी। हादसे में मुखानी के ऊंचापुल निवासी 16 वर्षीय उत्कर्ष धपोला और देवलचौड़ निवासी 17 वर्षीय सिद्धांत पाठक की मौत हो गई थी। वहीं, मुखानी के श्याम विहार निवासी 16 वर्षीय प्रांजय मावड़ी और पीलीकोठी निवासी 17 वर्षीय भाविका धामी घायल हो गए थे।
गंभीर रूप से घायल प्रांजय को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, भाविका धामी का सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में उपचार चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे कार काठगोदाम से लालकुआं की ओर जा रही थी। कार में चारों किशोर सवार थे। बताया गया है कि कार उत्कर्ष के पिता की थी और उनका परिवार मूल रूप से बागेश्वर का रहने वाला है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय कार कौन चला रहा था, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। ऐसे में हादसे के कारणों और चालक की पहचान को लेकर जांच जारी है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



UKnews-अज्ञात वाहन की टक्कर से मामा-भांजे की मौत -परिवार में मचा कोहराम
दीपावली से पहले छह दुग्ध समितियों को 32 लाख रुपये का बोनस वितरित