22 साल से खड़िया खदान के खतरे में पूर्व सैनिक का मकान -न्याय के लिए डीएम कार्यालय पहुंचे प्रेम राम
बागेश्वर। खड़िया खदान के कारण आवासीय मकान में आई दरारों और लगातार बढ़ते खतरे के बावजूद क्षतिपूर्ति नहीं मिलने से परेशान 80 वर्षीय पूर्व सैनिक प्रेम राम एक बार फिर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। मंगलवार को उनके समर्थन में उत्तराखंड पूर्व सैनिक संगठन बागेश्वर के पदाधिकारी भी डीएम कार्यालय पहुंचे और प्रशासन से मामले का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। इस दौरान संगठन पदाधिकारियों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर नारेबाजी भी की।
तहसील कांडा के ग्राम बास्तोली निवासी प्रेम राम का कहना है कि वर्ष 2004 से वह अपने मकान को खड़िया खदान से हुए नुकसान और उससे उत्पन्न खतरे को लेकर लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। करीब 22 वर्ष बीत जाने के बाद भी उन्हें न तो उचित क्षतिपूर्ति मिली और न ही मकान की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस राहत दी गई।
प्रेम राम ने बताया कि उनका आवासीय मकान अब पूरी तरह खतरे की जद में आ चुका है। इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। लंबे समय तक जिले के अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद उन्होंने अपनी समस्या को लेकर आर्मी हेडक्वार्टर को पत्र भेजा।
बताया गया कि आर्मी के उच्चाधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी कार्यालय बागेश्वर को पत्र भेजा। साथ ही पूर्व सैनिक संगठन को भी पीड़ित पूर्व सैनिक की मदद करने के लिए पत्र भेजा गया।
पूर्व सैनिक संगठन ने संभाली जिम्मेदारी
संगठन के सचिव रमेश भंडारी ने बताया कि आर्मी हेडक्वार्टर से संगठन को प्रेम राम की मदद के संबंध में पत्र प्राप्त हुआ था। इसी के क्रम में संगठन के पदाधिकारी पूर्व सैनिक के साथ अपर जिलाधिकारी से मिले और उनकी समस्या का जल्द समाधान करने की मांग रखी।
संगठन ने प्रशासन को चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि पूर्व सैनिक को राहत नहीं मिली तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
जिलाध्यक्ष भूपेश सिंह दफौटी ने कहा कि प्रेम राम ने देश की रक्षा करते हुए कई लड़ाइयों में योगदान दिया है। आज जब वह अपने ही आवास की सुरक्षा और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं, ऐसे में पूर्व सैनिक संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रेम राम को न्याय नहीं मिलता, संगठन उनकी लड़ाई जारी रखेगा।
प्रदर्शन के दौरान नयन सिंह खेतवाल, चरण सिंह, मोहन सिंह, कुंदन सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

Uttarakhand : दूषित पानी से बीमारी और मौतों पर हाईकोर्ट सख्त -अधिकारियों को लगाई फटकार
उत्तराखंड : बिना बताए चली गई अस्पताल में भर्ती महिला, प्रबंधन ने पुलिस को दी सूचना
उत्तराखंड : रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट पर -बनभूलपुरा में भारी सुरक्षा बल तैनात