UKnews-गोरापड़ाव फ्लाईओवर कार हादसा अपडेट : दो युवकों की मौत, एक युवक और युवती घायल -चारों हल्द्वानी निवासी
हल्द्वानी। बरेली रोड हाईवे पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों का कहर एक बार फिर दो परिवारों की खुशियां छीन ले गया। शुक्रवार शाम हल्द्वानी के निकट तीनपानी फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इस भीषण हादसे में कार सवार दो नाबालिग किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी और एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना ने हाईवे पर सड़क सुरक्षा और नाबालिगों के वाहन चलाने से जुड़े सवालों को फिर चर्चा में ला दिया है।
जानकारी के अनुसार, कार संख्या UK02A-2544 में चार नाबालिग सवार थे। शुक्रवार शाम तीनपानी फ्लाईओवर पर पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई। कार सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई और इसके बाद डिवाइडर से जोरदार टक्कर लगने पर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार बच्चे अंदर फंस गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो किशोरों को मृत घोषित कर दिया।
उत्कर्ष धपोला और सिद्धांत पाठक की मौत
मृतकों की पहचान हल्द्वानी के ऊंचापुल निवासी 16 वर्षीय उत्कर्ष धपोला, पुत्र शैलेन्द्र सिंह धपोला, तथा देवलचौड़ निवासी 17 वर्षीय सिद्धांत पाठक, पुत्र रवि मोहन पाठक, के रूप में हुई है। दोनों किशोरों की असमय मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है। कम उम्र में हुई इस दर्दनाक घटना ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
दो घायल अस्पताल में भर्ती
हादसे में 17 वर्षीय किशोरी भी घायल हुई है, जो हल्द्वानी के पीलीकोठी क्षेत्र की निवासी है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। वहीं, श्याम विहार, भाजपा कार्यालय के निकट निवासी 16 वर्षीय प्रांजल माउडी, पुत्र प्रेम सिंह माउडी, की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि घायलों के होश में आने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे, ताकि हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे क्या वजह रही, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार पर नियंत्रण, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



बेस अस्पताल की बदहाली पर सांसद अजय भट्ट का पारा चढ़ा -अव्यवस्थाओं पर अधिकारियों को लगाई फटकार
बिचखाली की रामलीला में दशरथ पुत्र वियोग और केवट भक्ति के प्रसंगों ने किया भावुक
UKnews-भीमताल-चाफी-धानाचूली मोटर मार्ग पर दो नवंबर तक यातायात रहेगा बंद
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में यूपीसीएल अधिकारियों का दो दिवसीय एआई प्रशिक्षण संपन्न