उत्तराखंड…होटल में युवक-युवती के ठहरने पर बवाल -बजरंग दल पहुंचा थाने; जांच में ‘लव जिहाद’ का दावा निकला बेबुनियाद
नानकमत्ता। नगर के एक होटल में युवक और युवती के ठहरने की सूचना पर मंगलवार देर रात हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलने पर बजरंग दल कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस जांच में हालांकि कथित “लव जिहाद” या किसी प्रकार के प्रलोभन का कोई तथ्य सामने नहीं आया।
जानकारी के अनुसार 9 जून की रात करीब 10:30 बजे बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख भरत चंद ने पुलिस को सूचना दी कि होटल सिटी सेंटर में एक युवक और युवती बिना वैध पहचान पत्र के ठहरे हुए हैं। सूचना पर पुलिस दोनों को थाना नानकमत्ता ले आई।
इसके बाद रात करीब 11 बजे भरत चंद के नेतृत्व में 10-12 बजरंग दल कार्यकर्ता थाने पहुंचे और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद कार्यकर्ता वहां से लौट गए।
पुलिस जांच में युवक की पहचान इशाक अली (28) निवासी सितारगंज और युवती की पहचान कमला (21) निवासी जनपद पिथौरागढ़ के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि दोनों अलग-अलग निजी संस्थानों में कार्यरत हैं और करीब डेढ़ वर्ष से एक-दूसरे को जानते हैं। युवती के चंपावत से लौटने के बाद होटल में रुकने तथा युवक को वहां बुलाने की बात भी सामने आई।
पुलिस के अनुसार जांच में युवती को बहला-फुसलाकर संबंध बनाने, किसी प्रकार का दबाव डालने या तथाकथित “लव जिहाद” से जुड़ा कोई प्रमाण नहीं मिला।
हालांकि मामला अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने युवक को बीएनएस की धारा 170 के तहत हिरासत में लिया और धारा 126/135/170 बीएनएस के अंतर्गत न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की। वहीं होटल संचालक के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल मामले को लेकर किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com
रामनगर के हल्दूवा में भीषण सड़क हादसा -बाइक सवार युवक की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
uttarakhand-चढ़ाई पर अनियंत्रित होकर पलटी खनिज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चालक की मौत
मुकेश कुमार कोहली को पीएच.डी. की उपाधि