उत्तराखंड…चार दिन से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव कल्याणी नदी में मिला —हत्या की आशंका से सनसनी
रुद्रपुर। रुद्रपुर के खेड़ा क्षेत्र से चार दिन पहले लापता हुए 13 वर्षीय किशोर का शव शनिवार सुबह कल्याणी नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजनों ने किशोर की पीठ पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस के अनुसार खेड़ा वार्ड संख्या-17 निवासी रियासत अली, जो पेशे से कारपेंटर हैं, का 13 वर्षीय पुत्र रिजवान 21 जुलाई की सुबह घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रम्पुरा चौकी में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
शनिवार सुबह कुछ लोग झील के समीप भूतबंगला क्षेत्र की ओर कल्याणी नदी में मछली पकड़ने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नदी में एक किशोर का शव उतराता देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर रम्पुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर उसकी पहचान कराई। बाद में शव की पहचान लापता किशोर रिजवान के रूप में हुई।
पुत्र का शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि रिजवान की पीठ पर नुकीली चोट का निशान है, जिससे उसकी हत्या किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
मृतक रिजवान चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी एक बड़ी और एक छोटी बहन भी है। इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com
रामनगर के हल्दूवा में भीषण सड़क हादसा -बाइक सवार युवक की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
uttarakhand-चढ़ाई पर अनियंत्रित होकर पलटी खनिज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चालक की मौत
मुकेश कुमार कोहली को पीएच.डी. की उपाधि