उत्तराखंड : रुद्रपुर में साइबर ठगों का तांडव -दो लोगों के खातों से उड़ाए 3.65 लाख रुपये
–बैंक अधिकारी बनकर क्रेडिट कार्ड अपडेट करने का झांसा, दूसरे पीड़ित का मोबाइल हैक कर खाते से निकाली रकम
रुद्रपुर। साइबर ठगों ने रुद्रपुर में दो लोगों को निशाना बनाकर उनके खातों से कुल 3.65 लाख रुपये उड़ा लिए। कहीं बैंक प्रतिनिधि बनकर क्रेडिट कार्ड अपडेट करने का झांसा दिया गया तो कहीं मोबाइल हैक होने के बाद खाते से रकम निकाल ली गई। दोनों घटनाओं ने साइबर अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस और लोगों की ऑनलाइन जमा-पूंजी की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के बहाने 2.23 लाख की चपत
साईं विहार कॉलोनी निवासी दिबाकर सेनापति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का प्रतिनिधि बताया और क्रेडिट कार्ड अपडेट करने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी ने उनसे कई जानकारियां हासिल कर लीं और कार्ड अपडेट होने की बात कही। कुछ ही देर बाद उनके खाते से 2.23 लाख रुपये निकल गए। खाते से इतनी बड़ी रकम गायब होने पर पीड़ित के होश उड़ गए।
मोबाइल हैक होने के बाद खाते से निकले 1.42 लाख
दूसरी घटना ट्रांजिट कैंप निवासी सचिन राना के साथ हुई। उन्होंने पुलिस को बताया कि आठ अक्टूबर को उनका मोबाइल अचानक हैक हो गया था। इसके बाद उन्होंने मोबाइल बंद कर दिया, लेकिन 15 अक्टूबर को खाते से 1.42 लाख रुपये निकाले जाने का मैसेज मिला। इस निकासी की जानकारी मिलते ही उन्हें साइबर ठगी का पता चला। मोबाइल बंद करने के बावजूद खाते से रकम निकलने के मामले ने उन्हें भी सकते में डाल दिया।
पुलिस ने दर्ज किए मुकदमे, साइबर सेल के हाथ जांच
सीओ विभव सैनी ने बताया कि दोनों मामलों में पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। साइबर सेल दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी को किस तरह अंजाम दिया गया और रकम किन खातों में स्थानांतरित हुई।
सावधान रहें: अनजान कॉल पर बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के नाम पर आने वाले फोन पर भरोसा करने से पहले बैंक के आधिकारिक माध्यम से पुष्टि करें। मोबाइल में संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 से संपर्क करें।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com


देहरादून: संस्कृति लोक कॉलोनी में किराए के कमरे में देह व्यापार का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
uttarakhand-बारात आने से एक दिन पहले दुल्हन ने खाया जहरीला पदार्थ -दूल्हे पक्ष ने तोड़ा रिश्ता
UKnews-गोरापड़ाव फ्लाईओवर कार हादसा अपडेट : दो युवकों की मौत, एक युवक और युवती घायल -चारों हल्द्वानी निवासी