uttarakhand-जमीन दिलाने और एक माह में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा -LIC कर्मचारी से 32.30 लाख की ठगी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में जमीन दिलाने और महज एक माह में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एलआईसी कर्मचारी से 32.30 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कनखल के सिंहद्वार निवासी अमित कुमार राठौर ने शिकायत में बताया कि मार्च 2024 के आसपास उसकी मुलाकात रोशनपुरी रावली महदूद निवासी संजय कश्यप और संजय मेहरा उर्फ संजय कश्यप से हुई थी। आरोप है कि संजय मेहरा ने उससे फर्जी नाम पंकज मेहरा बताकर मुलाकात की।
आरोपियों ने अमित की मुलाकात टिडोली, नकुड़, सहारनपुर निवासी कौशर पुत्री यासीन से कराई। उन्होंने कौशर को 35 बीघा जमीन का मालिक बताते हुए जमीन का सौदा 25 लाख रुपये प्रति बीघा में कराने का भरोसा दिया। साथ ही दावा किया कि जमीन को एक माह बाद सौर ऊर्जा प्लांट लगाने वाली पार्टी को 35 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जा सकता है।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों की बातों में आकर उसने परिजनों और परिचितों से रुपये जुटाए। इसके अलावा सोने के आभूषण गिरवी रखकर भी रकम की व्यवस्था की। इस तरह कुल 32.30 लाख रुपये आरोपियों के माध्यम से कौशर को दे दिए।
रजिस्ट्री कराने की बात आने पर आरोपी लगातार टालमटोल करने लगे। बाद में आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए। कौशर ने भी फोन काटकर अमित का नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
अमित ने पुलिस को दी शिकायत में आरोपियों के खिलाफ पूर्व में दर्ज कई मुकदमों का भी हवाला दिया है। ज्वालापुर कोतवाली के एसएचओ चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

16 माह से वेतन को तरसे वन विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी -हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब
बैग की दुकान में चल रहा था नशे की दवाओं का कारोबार -एसओजी-पुलिस की छापेमारी में आरोपी गिरफ्तार
ग्राफिक ऐरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल में बिल्ड फॉर इंडिया 2.0 में 24 घंटे तक चला नवाचार का महामुकाबला -420 विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर