उत्तराखंड…तेज रफ्तार कैंटर ने ली महिला की जान –अस्पताल के शौचालय से फरार हुआ चालक, परिजनों का हंगामा
रामनगर के ग्राम तेलीपुरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कैंटर चालक को लोगों ने पकड़कर निजी अस्पताल के शौचालय में बंद कर दिया, लेकिन वह वेंटिलेटर और दरवाजा तोड़कर फरार हो गया। इस घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और मृतका के परिजनों व ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन पर चालक को भगाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार ग्राम तेलीपुरा निवासी फरहत जहां (56 वर्ष) पत्नी अबरार शनिवार को रामनगर के सरकारी अस्पताल से दवा लेकर पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेलीपुरा रोड पर तेज रफ्तार कैंटर के अज्ञात चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का टायर महिला के ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को उपचार के लिए रामनगर के निजी बृजेश हॉस्पिटल पहुंचाया। सूचना मिलते ही महिला के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया और अस्पताल के शौचालय में बंद कर दिया।
कुछ देर बाद चालक अस्पताल के शौचालय का वेंटिलेटर और दरवाजा तोड़कर फरार हो गया। उसके फरार होने की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन पर चालक को भगाने का गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
बृजेश हॉस्पिटल के डॉक्टर अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि महिला को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। उनके कूल्हे की हड्डी पूरी तरह चकनाचूर हो चुकी थी और शरीर पर गंभीर चोटें थीं। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन ने चालक के फरार होने और अस्पताल में हुए नुकसान की सूचना तत्काल पुलिस को दे दी थी।
वहीं, रामनगर के कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मृतका का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने फरार चालक को हिरासत में ले लिया है तथा हादसे में शामिल कैंटर वाहन को भी कब्जे में कर लिया है। मामले की जांच जारी है और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मृतका फरहत जहां अपने पीछे दो पुत्रों और पति को छोड़ गई हैं। उनके पति मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

कटघरिया से लापता हुआ पालतू कुत्ता –मालिक ने लोगों से की तलाश में मदद की अपील