पुलिस विभाग के बाद अब उत्तराखंड शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल -17 अधिकारियों के विभाग बदले
देहरादून। उत्तराखंड में पुलिस विभाग के साथ ही शासन स्तर पर भी बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 की ओर से जारी दूसरे आदेश में 17 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इसके तहत प्रमुख सचिव से लेकर अपर सचिव और पीसीएस अधिकारियों तक के विभाग बदले गए हैं।
प्रमुख सचिव लालरिन लियना फैनई को प्रमुख सचिव आबकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले उनके पास खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, उत्तराखंड परिवहन निगम के अध्यक्ष और आयुक्त कृषि उत्पादन का दायित्व था।
सचिव वित्त दिलीप जावलकर को वित्त विभाग से अवमुक्त कर दिया गया है। हालांकि, उनके पास निर्वाचन और जलागम विभाग की जिम्मेदारी बरकरार रहेगी। वहीं, सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा को सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग बनाया गया है।
सचिव औद्योगिक विकास (खनन) एवं आबकारी बृजेश कुमार संत को सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. आर. राजेश कुमार को सचिव औद्योगिक विकास (खनन) के साथ महानिदेशक खनन बनाया गया है। सचिव संस्कृति एवं सचिवालय प्रशासन युगल किशोर पंत को सचिव तकनीकी शिक्षा विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा रंजना राजगुरु को सचिव नियोजन विभाग बनाया गया है। उनके पास राजस्व परिषद के आयुक्त एवं सचिव और निदेशक चकबंदी का पदभार भी रहेगा।
अपर सचिव स्तर पर भी बदलाव
अपर सचिव ऊर्जा एवं सहकारिता मेहरबान सिंह बिष्ट को सहकारिता विभाग और निबंधक सहकारिता के पदभार से हटाकर अपर सचिव गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। अपर सचिव पर्यटन अभिनव शाह को अपर सचिव सहकारिता विभाग और निबंधक सहकारिता बनाया गया है।
अपर सचिव उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मनुज गोयल को अपर सचिव वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अपर सचिव लोक निर्माण, श्रम एवं आयुष तथा आयुष शिक्षा विनीत कुमार को जलागम और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें जलागम का अपर निदेशक और परियोजना निदेशक भी बनाया गया है।
अपर सचिव रीना जोशी को श्रम विभाग का दायित्व सौंपा गया है। इससे पहले उनके पास राज्यपाल के अपर सचिव, परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी थी। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास रहेगा।
PCS और सचिवालय सेवा के अधिकारियों के विभाग भी बदले
विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित सिन्हा को इस पदभार से अवमुक्त कर दिया गया है। पीसीएस अधिकारी बीएस चलाल को निदेशक दुग्ध विकास और निदेशक महिला डेयरी बनाया गया है। वह इससे पहले बाध्य प्रतीक्षा में थे। इन पदों पर तैनात इलागिरी को अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, सचिवालय सेवा के अधिकारी विक्रम सिंह यादव को अपर सचिव अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के पदभार से मुक्त किया गया है। अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण महिमा रौंकली को अपर सचिव वन विभाग बनाया गया है।
तत्काल प्रभाव से लागू होंगे आदेश
शासन की ओर से जारी दोनों आदेशों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करने का प्रमाणपत्र पुलिस महानिदेशक के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराना होगा। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों को नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने की आख्या कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 को देनी होगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



उत्तराखंड में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल चार जिलों को मिले नए SSP -अर्पण यदुवंशी बने नैनीताल के नए SSP
हल्द्वानी : हनीट्रैप और करोड़ों की ब्लैकमेलिंग का आरोप में हाईकोर्ट से आरोपी महिला को फिलहाल राहत -27 नवंबर तक गिरफ्तारी पर रोक