उत्तराखंड : केयरटेकर ने ही रची थी बुजुर्ग महिला के घर लूट की साजिश -तीन आरोपी गिरफ्तार
–36 घंटे के भीतर पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोचा, लूटे गए जेवर और 15 हजार रुपये बरामद
देहरादून। बसंत विहार थाना क्षेत्र के कांवली गांव में बुजुर्ग महिला के घर हुई लूट की साजिश उसके ही केयरटेकर ने रची थी। उसने घर की पूरी जानकारी अपने परिचितों को देकर उन्हें वारदात में शामिल किया। इतना ही नहीं, आरोपियों को घर में प्रवेश कराने के लिए खुद दरवाजा भी खोला। इसके बाद बदमाशों ने बुजुर्ग महिला और उनकी नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। पुलिस ने घटना के 36 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए जेवर और 15 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। वहीं, मुख्य साजिशकर्ता केयरटेकर होशियार सिंह की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि कांवली गांव निवासी रमेश कौर संधू ने 23 नवंबर को बसंत विहार थाने में घर से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो महिला और उनकी नौकरानी के बयानों से सामने आया कि यह चोरी नहीं, बल्कि लूट की घटना थी।
जांच में पता चला कि वारदात की रात बुजुर्ग महिला और उनकी नौकरानी घर में सो रही थीं। इसी दौरान बदमाशों ने दोनों की आंखों में स्प्रे डाल दिया। इसके बाद महिला के हाथों में पहने सोने के कड़े समेत अन्य आभूषण जबरन उतार लिए और घर में रखे जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि घर का केयरटेकर होशियार सिंह ही इस पूरी वारदात का मुख्य साजिशकर्ता था। उसने घर की स्थिति और अन्य जरूरी जानकारियां अपने परिचितों को दी थीं। इसके बाद खुद दरवाजा खोलकर उन्हें घर के अंदर बुलाया और लूट की वारदात को अंजाम दिलाया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र और पेंडेंट, सोने की अंगूठी, दो जोड़ी झुमकियां, दो जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की कमर की तिकड़ी, सफेद मोती की माला, मोती जड़ा सोने का कड़ा और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले के मुख्य साजिशकर्ता केयरटेकर होशियार सिंह की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com


उत्तराखंड में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल चार जिलों को मिले नए SSP -अर्पण यदुवंशी बने नैनीताल के नए SSP
हल्द्वानी : हनीट्रैप और करोड़ों की ब्लैकमेलिंग का आरोप में हाईकोर्ट से आरोपी महिला को फिलहाल राहत -27 नवंबर तक गिरफ्तारी पर रोक