घर में भांग की खेती, खुद तैयार की चरस -रुद्रपुर में बेचने पहुंचे दो तस्कर गिरफ्तार
–मुक्तेश्वर से रुद्रपुर तक फैला चरस का कारोबार -एक किलो 152 ग्राम चरस बरामद
रुद्रपुर। घर में भांग की खेती कर चरस तैयार की और फिर उसे बेचने के लिए रुद्रपुर पहुंच गए। लेकिन नशे का कारोबार शुरू करने से पहले ही पुलिस ने दो युवकों को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से एक किलो 152 ग्राम चरस बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि सोमवार रात एसआई जीवन सिंह अधिकारी और एसआई दीपक बहुगुणा पुलिस टीम तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान रोडवेज के पास दो युवक पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़ने लगे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र के ग्राम दीनो, पहाड़पानी निवासी गोपाल चंद पुत्र शंकर राम और ग्राम मल्ला दीनो, पहाड़पानी निवासी भुवन चंद्र पुत्र ईश्वरी राम के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से एक किलो 152 ग्राम चरस बरामद हुई।
घर पर उगाई भांग, गांव के लोगों से भी खरीदी चरस
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे दोस्त हैं और ग्रामीण क्षेत्र में रहते हैं। दोनों ने अपने घर पर भांग की खेती कर चरस तैयार की थी। इसके अलावा गांव के कुछ लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस भी खरीदी थी।
आरोपी इस खेप को बेचने के इरादे से रुद्रपुर पहुंचे थे। उनकी योजना सिडकुल क्षेत्र में ट्रक चालकों और रोडवेज के आसपास दुकानदारों से संपर्क कर चरस बेचने की थी। हालांकि, पुलिस की सतर्कता से उनका मंसूबा कामयाब नहीं हो सका। सीओ सिटी ने बताया कि दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com


uttarakhand-नवजात बच्ची की मौत के मामले में पुलिस पर मारपीट का आरोप -दो पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग
Uknews-गिरफ्तारी पर रोक की मियाद खत्म होने से एक दिन पहले कोतवाली पहुंची ज्योति सिंह