उत्तराखंड : एक अक्टूबर से शुरू होगा खनन सत्र -अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस, 24 घंटे सक्रिय रहेगी एंटी माइनिंग टास्क फोर्स

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। जनपद में खनन सत्र 2026-27 आगामी एक अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। खनन कार्य को सुचारू, नियमित और पारदर्शी ढंग से संचालित करने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जिला खनन समिति की बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा शासन एवं न्यायालय के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आबादी वाले क्षेत्रों में जनसुरक्षा और आपदा के प्रभाव को कम करने के लिए नदियों में रिवर ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को आपदा संभावित क्षेत्रों का तत्काल चिह्नीकरण कर वहां उपलब्ध उपखनिज की मात्रा का सही आकलन करने के निर्देश दिए। नए चिन्हित लॉटों के लिए नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने को भी कहा गया।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  विकसित भारत 2047 की संकल्पना पर छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

24 घंटे सक्रिय रहेगी एंटी माइनिंग टास्क फोर्स

अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर गठित एंटी माइनिंग टास्क फोर्स को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। खनन क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखते हुए नियमित निगरानी करने को कहा गया।

उन्होंने खनन क्षेत्रों में वाहनों की फिटनेस, वाहन चालकों की पहचान तथा खनन कार्य में लगे श्रमिकों की सुरक्षा एवं सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। खनिज वाहनों में रेडियम और फॉग लाइट अनिवार्य रूप से लगाने तथा स्टोन क्रशरों में धर्मकांटा की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। घोड़े-खच्चरों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की भी नियमित जांच के निर्देश दिए गए।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं -अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

स्टोन क्रशरों को लगाने होंगे एक हजार पौधे

जिलाधिकारी ने खनन क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण तथा बच्चों की शिक्षा से जुड़े प्रावधानों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्टोन क्रशर संचालकों को कम से कम एक हजार पौधे लगाने के निर्देश जारी करने को भी कहा।

30 लॉटों पर चल रहा खनन, 31.26 करोड़ राजस्व प्राप्त

जिला खनन अधिकारी ऐश्वर्य शाह ने बताया कि जनपद में निजी नाप भूमि के तीन, वन विकास निगम के चार, गढ़वाल मंडल विकास निगम लिमिटेड के आठ, ई-निविदा के माध्यम से स्वीकृत एक तथा मैसर्स कैलाश रिवर बैंड एलएलपी के 14 खनन पट्टे आवंटित किए गए हैं। इन लॉटों के तहत कुल 659.81 हेक्टेयर खनन क्षेत्र निर्धारित है।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  गौलापार स्टेडियम की बाढ़ सुरक्षा के 36.82 करोड़ के कार्यों का सांसद अजय भट्ट ने लिया जायजा

उन्होंने बताया कि कुल 69 लॉटों में से वर्तमान में 30 लॉटों पर खनन कार्य संचालित है। इनसे अब तक 31.26 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। शेष लॉटों में आवश्यक कार्रवाई गतिमान है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, एसपी स्वतंत्र सिंह, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा, जिला खनन अधिकारी ऐश्वर्य शाह, जीएमवीएन प्रबंधक कुसुम चौहान, सीओ विवेक सिंह, आरटीओ से रोशनी पंत सहित वर्चुअल माध्यम से सभी एसडीएम, खनन समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

Ad Ad Ad
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119