नंधौर अभयारण्य में ईको-टूरिज्म का आगाज सांसद -सांसद अजय भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की सफारी गाड़ियां

खबर शेयर करें 👉

-01 नवंबर से शुरू हुआ पर्यटन सत्र 2026-27, 40 नेचर गाइड और 21 सफारी वाहन जुड़े रोजगार से

हल्द्वानी। नंधौर वन्यजीव अभयारण्य में पर्यटन सत्र 2026-27 का रविवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। चोरगलिया गेट पर नैनीताल-उधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों के साथ सफारी भ्रमण कर अभयारण्य की प्राकृतिक सुंदरता, वन संपदा और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों का अवलोकन किया।

नंधौर वन्यजीव अभयारण्य के स्वागत कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में उप प्रभागीय वनाधिकारी गणेश दत्त जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभयारण्य में सफारी वाहनों और नेचर गाइडों का पंजीकरण बढ़ाने के साथ ही समर्पित वेबसाइट विकसित करने तथा नए ईको-टूरिज्म ट्रेल तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। क्षेत्र की पक्षी एवं जैव विविधता को भी संकलित किया जा रहा है।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  नवजात की सांस थमने पर पहला मिनट अहम -पुनर्जीवन तकनीक से बचाई जा सकती है जान

प्रभागीय वनाधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी ने बताया कि नंधौर अभयारण्य बाघ, हाथी, तेंदुआ, भालू, सांभर, घुरल और मोर सहित अनेक वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है। यहां विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों, तितलियों और वनस्पतियों की समृद्ध विविधता मौजूद है। उन्होंने कहा कि अभयारण्य का उद्देश्य वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों का संरक्षण करने के साथ स्थानीय समुदाय की भागीदारी से प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा देना तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

अपने संबोधन में सांसद अजय भट्ट ने वन विभाग के संरक्षण प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नंधौर अभयारण्य प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां ईको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। इसके विकास से पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सकती है।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  शाखा प्रबंधक पांडे को दी विदाई -कर्मचारी यूनियन पदाधिकारियों का स्वागत

उन्होंने सफारी मार्गों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले पूरा करने के लिए वन विभाग की सराहना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि अभयारण्य के विकास, ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने तथा स्थानीय युवाओं, नेचर गाइडों और सफारी वाहन संचालकों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने को हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन गतिविधियां पर्यावरणीय संतुलन और वन्यजीवों की सुरक्षा के निर्धारित नियमों के अनुरूप ही संचालित होनी चाहिए।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  दिल्ली में बीएस-6 बसों को ही मिलेगी एंट्री -उत्तराखंड रोडवेज की 200 बसों का संचालन प्रभावित

वन विभाग के अनुसार वर्तमान में हल्द्वानी वन प्रभाग में 40 पंजीकृत नेचर गाइड और 21 पंजीकृत सफारी वाहन पर्यटन गतिविधियों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं। इनके अलावा अनेक स्थानीय नागरिक और व्यवसायी भी अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। विभाग का लक्ष्य नंधौर को प्रमुख प्रकृति एवं वन्यजीव पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम में नैनीताल कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र रूख्मी, जिला पंचायत सदस्य अर्जुन बिष्ट, सामाजिक कार्यकर्ता पवन सिंह नेगी और मनोज खत्री सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, नेचर गाइड, सफारी चालक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। वन क्षेत्राधिकारी लक्ष्मण सिंह महता, एकता जोशी, जगदीश चन्द्र पंत सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS

Ad Ad
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119