22 करोड़ के कथित गबन पर हाईकोर्ट सख्त -पुलिस जांच को बताया अस्पष्ट और सतही
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाफ 22 करोड़ रुपये के कथित गबन और भ्रष्टाचार की शिकायत से जुड़े मामले में पुलिस की जांच रिपोर्ट पर असंतोष जताया है। न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकल पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को शिकायत और संबंधित दस्तावेजों का अध्ययन कर अपनी विस्तृत राय अदालत के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
याचिकाकर्ता धीरज भंडारी ने उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाफ कथित वित्तीय अनियमितताओं और 22 करोड़ रुपये के गबन का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। याचिका में सीबीआई और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को भी पक्षकार बनाया गया है।
सुनवाई के दौरान अदालत ने 26 मार्च 2025 को दिए गए निर्देशों के क्रम में पुलिस की ओर से पेश की गई जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाए। पुलिस उपाधीक्षक, सर्किल डोईवाला, देहरादून अनिल कुमार जोशी की रिपोर्ट में ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर किसी तरह की अनियमितता नहीं पाए जाने की बात कही गई थी।
हाईकोर्ट ने पुलिस की इस रिपोर्ट को “अस्पष्ट और सतही” करार दिया। अदालत ने कहा कि रिपोर्ट में 15 नवंबर 2024 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी गई मूल शिकायत के आरोपों पर न तो ठोस चर्चा की गई और न ही उनके संबंध में पर्याप्त जांच का उल्लेख है।
पुलिस जांच पर असंतोष जताते हुए अदालत ने सीबीआई को निर्देश दिया कि वह पूरी याचिका, शिकायत तथा प्रतिवादियों की ओर से प्रस्तुत दस्तावेजों का अध्ययन करे। अदालत ने सीबीआई के वरिष्ठ अधिवक्ता के माध्यम से निर्देशित किया कि आरोपों के संबंध में सीबीआई अपनी विस्तृत राय सीलबंद लिफाफे में अदालत के समक्ष प्रस्तुत करे। मामले की अगली सुनवाई 29 अक्टूबर 2026 को होगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

मोबाइल ऐप डाउनलोड करते ही खाते खाली -युवक के दो बैंक खातों से 1.39 लाख रुपये पार
UK-क्रेडिट कार्ड पर इंटरनेशनल चार्ज का झांसा -लिंक खुलवाकर 1.59 लाख की साइबर ठगी
एमडीडीए में गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित -सत्य-अहिंसा और सादगी के आदर्शों को अपनाने का संकल्प