NH-109 पर रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को उड़ाया, दोनों की हालत नाजुक
–लालकुआं में सड़क हादसों पर नहीं लग रहा अंकुश, पुराने पुलिस चेकपोस्ट के पास हुआ भीषण हादसा; दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें, सांसद अजय भट्ट ने बेहतर उपचार के दिए निर्देश
लालकुआं। राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर बेलगाम रफ्तार का कहर लगातार जारी है। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के तमाम दावों के बीच शनिवार दोपहर सुभाष नगर स्थित पुराने पुलिस चेकपोस्ट के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे 25 एकड़ कॉलोनी निवासी अंकित कुमार और रोहित कुमार बाइक से सुभाष नगर की ओर से लालकुआं आ रहे थे। इसी दौरान पुराने पुलिस चेकपोस्ट के समीप लालकुआं की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर करने की सलाह दी है। हालांकि, उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने का निर्णय नहीं कर पा रहे हैं। घायल रोहित के पिता लखन ने बताया कि चिकित्सकों ने दोनों युवकों को बेहतर उपचार के लिए अन्यत्र ले जाने की सलाह दी है।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया।
सांसद अजय भट्ट ने दिए बेहतर उपचार के निर्देश
हादसे की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के प्राचार्य से फोन पर वार्ता की। उन्होंने दोनों घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और आवश्यक गहन चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए।
लगातार हादसों के बावजूद नहीं थम रही रफ्तार
राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर लगातार हो रहे हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर कब तक इस मार्ग पर बेलगाम रफ्तार लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ती रहेगी?
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com


