रनसाली जंगल में लकड़ी बीनने गयी महिला को गुलदार ने मारा-
-साथी दो महिलाओं ने गुलदार के हमले की ग्रामीणों को दी सूचना-पुलिस ने शव को लिया कब्जे में-
सितारगंज। नानकमत्ता के रनसाली रेंज के सरौंजा वनबीट में लकड़ी बीनने गयी महिला को गुलदार ने हमला कर मार डाला। साथी महिलाओं ने गुलदार के हमले की सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद वनविभाग और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। दोनों टीमों को जंगल के किनारे महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। वनाधिकारी गुलदार को ट्रेस करने में जुट गये है। ग्राम मगरसड़ा निवासी 55 वर्षीय सुमित्रा देवी पत्नी रुप सिंह, साथी महिला उत्तरा देवी पत्नी ध्रुव सिंह व श्रीमंती देवी पत्नी सुखदेव सिंह के साथ शुक्रवार को रनसाली रेंज के सरौंजा बीट में सूखी लकड़ी बीनने गयी थी। इस दौरान झाड़ियों में घात लगाये छिपे गुलदार ने सुमित्रा देवी पर हमला कर दिया। सुमित्रा की चीख-पुकार सुन उत्तरा देवी, श्रीमंती देवी ने भी शोर मचा दिया। लेकिन सुमित्रा देवी गुलदार के जबड़े से नही बच सकी। गुलदार सुमित्रा को घसीटकर जंगल की तरफ ले गया। प्रत्यक्षदर्शी महिलाओं के शोर-शराबा मचाने पर ग्रामीण जंगल की तरफ दौड़े।
गुलदार के हमले की सूचना वनविभाग को दी गई। वनविभाग के अनुभाग अधिकारी गजेंद्र सिंह बिष्ट, विनोद मेहता, जमुनादत्त, चरन सिंह टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। यहां महिला सुमित्रा देवी का शव खून से लथपथ पड़ा था। महिला के गले पर नुकीले निशान बने हुये थे। सूचना पर कोतवाल प्रकाश सिंह दानू, हल्का चौकी इंचार्ज धीरेंद्र परिहार भी पहुंच गये। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। एसआइ धीरेंद्र परिहार ने बताया कि महिला लकड़ी बीनने जंगल में गयी थी। शव मगरसड़ा गांव के पास से बरामद हुआ है। महिला के शरीर पर नुकीले निशान बने हुये है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। रनसाली रेंजर प्रदीप धौलाखंडी ने बताया कि सरौंजा वनबीट में महिला का शव बरामद हुआ है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पांच दिन भारी बारिश का खतरा –उत्तराखंड में रेड अलर्ट, प्रशासन हाई अलर्ट पर
उत्तराखंड…मानसून को लेकर सख्त हुए कुमाऊँ आयुक्त –आपदा परिचालन केंद्र को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखने के निर्देश