uttarakhand-अमरनाथ ड्यूटी से लौट रहे आईटीबीपी जवान की पठानकोट ट्रेन हादसे में मौत
चमोली। अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे उत्तराखंड के चमोली जिले के डुंग्री (नारायणबगड़) गांव निवासी जांबाज आईटीबीपी जवान प्रदीप कुमार की पठानकोट में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में मौत हो गई। रविवार को जवान का पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया गया, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार, बीती शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे पठानकोट रेलवे स्टेशन के पास हुए हादसे में 35 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र पातीराम की जान चली गई। प्रदीप कुमार भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 23वीं बटालियन, सीमा द्वार देहरादून में तैनात थे।
बताया गया कि प्रदीप कुमार अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पठानकोट रेलवे स्टेशन के पास हुए हादसे में वह हादसे का शिकार हो गए। जवान की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
रविवार को तिरंगे में लिपटा जवान का पार्थिव शरीर नारायणबगड़ स्थित पैतृक घाट पहुंचा। अपने लाल को अंतिम दर्शन के लिए सामने देख परिजन भावुक हो उठे। मां-पिता और अन्य परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी भी जांबाज जवान को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ पड़े।
आईटीबीपी की 23वीं बटालियन के कमांडेंट रिंकू सिंह के नेतृत्व में जवानों ने प्रदीप कुमार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। पुलिस और प्रशासन की ओर से भी दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद सैन्य सम्मान के बीच जवान का अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान स्थानीय प्रशासन की ओर से तहसीलदार राजेंद्र सिंह बिष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जवान की शहादत पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

uttarakhand-सरकारी नौकरी के बाद अब युवाओं को उद्यमी बनाने पर धामी सरकार का फोकस