ग्राफिक एरा भीमताल के छात्र कार्तिकेय वारियाल को गूगल में फुल-टाइम नौकरी -प्री-प्लेसमेंट ऑफर से रचा नया कीर्तिमान
–हल्द्वानी के कार्तिकेय ने 12 सप्ताह की इंटर्नशिप के बाद हासिल किया प्रतिष्ठित ऑफर =गूगल मैप्स टीम के साथ किया काम
भीमताल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल के विद्यार्थियों की वैश्विक तकनीकी कंपनियों में सफलता का सिलसिला लगातार जारी है। विश्वविद्यालय के बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के वर्ष 2027 बैच के छात्र कार्तिकेय वारियाल का गूगल में प्रतिष्ठित फुल-टाइम सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर चयन हुआ है। उन्हें प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल हुई है। हल्द्वानी के भगवानपुर तल्ला निवासी कार्तिकेय की सफलता से कुमाऊँ क्षेत्र में खुशी की लहर है।
कार्तिकेय की यह उपलब्धि ग्राफिक एरा और गूगल के बीच मजबूत होते संबंधों के साथ विश्वविद्यालय के उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं प्लेसमेंट प्रदर्शन को भी दर्शाती है। इससे पहले वर्ष 2026 बैच की छात्रा विभा चंदोला का गूगल में 54.84 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर चयन हुआ था। इसके अलावा पिछले वर्ष चार छात्राओं प्राची शाह, गुंजन भानवाल, विभा चंदोला और रिचारानी राजाराम टारसे का गूगल में इंटर्नशिप के लिए चयन हुआ था।
कार्तिकेय की इस सफलता के पीछे नियमित कोडिंग अभ्यास, डेटा स्ट्रक्चर एवं एल्गोरिदम पर मजबूत पकड़ और समस्या समाधान की बेहतर क्षमता रही। इन्हीं खूबियों के चलते उन्हें गूगल के सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग समर इंटर्नशिप कार्यक्रम में साक्षात्कार का अवसर मिला। उन्होंने दो कठिन तकनीकी साक्षात्कार सफलतापूर्वक पास कर इंटर्नशिप हासिल की।
अपनी 12 सप्ताह की इंटर्नशिप के दौरान कार्तिकेय ने गूगल मैप्स टीम के साथ काम किया। उन्होंने ऐसा टूल विकसित करने में योगदान दिया, जो मैन्युअल जांच के लिए चिह्नित फर्जी और संदिग्ध रिव्यू की पहचान करने में मूल्यांकनकर्ताओं की मदद करता है। इस दौरान उन्हें वैश्विक स्तर पर संचालित तकनीकी प्रणालियों और वास्तविक इंजीनियरिंग चुनौतियों को समझने का अवसर मिला।
कार्तिकेय ने बताया कि नियमित कोडिंग अभ्यास, समस्या समाधान पर ध्यान और तकनीकी कौशल को लगातार बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता उनकी सफलता का आधार रही। इंटर्नशिप पूरी होने के बाद अंतिम परिणाम के लिए उन्हें करीब चार महीने इंतजार करना पड़ा। अंततः उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए गूगल ने उन्हें फुल-टाइम नौकरी के लिए प्री-प्लेसमेंट ऑफर प्रदान किया।
विश्वविद्यालय की इन उपलब्धियों को ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कमल घनशाला की दूरदर्शी सोच का परिणाम माना जा रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी विकास, नवाचार और उद्योगोन्मुखी शिक्षण पर विशेष जोर के चलते भीमताल परिसर में विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है।
भीमताल परिसर के निदेशक ने कार्तिकेय को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनकी सफलता में योगदान देने वाले शिक्षकों, मार्गदर्शकों और परिवार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगी।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी का भीमताल परिसर कुमाऊँ क्षेत्र के युवाओं को देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। कार्तिकेय की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि पहाड़ों की प्रतिभाएं भी वैश्विक तकनीकी मंच पर अपनी अलग पहचान बनाने का दम रखती हैं।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



उत्तराखंड : हल्द्वानी में 16 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप -ABVP प्रत्याशी समेत चार गिरफ्तार
गौला के 431 और नंधौर के 50 खनन वाहनों का हुआ स्वामित्व परिवर्तन