200 की रफ्तार, दीवार से टकराई कार -टक्कर में उखड़ गया इंजन, 22 वर्षीय युवक की जिंदा जलकर मौत
नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका एक्सप्रेसवे की सुरंग में करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही एक मॉडिफाइड कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार कार दीवार से टकराने के बाद आग का गोला बन गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का इंजन उखड़कर दूर जा गिरा। हादसे में कार चला रहे 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी अभिनव सिंह के रूप में हुई है। वह लुधियाना से गुरुग्राम जा रहा था और सेक्टर-42 में रहता था। हादसा शिव मूर्ति इंटरचेंज के पास हुआ।
80 की सीमा, 200 की रफ्तार!
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभिनव सुरंग के भीतर कथित तौर पर करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मॉडिफाइड फॉक्सवैगन वर्टस चला रहा था। जबकि सुरंग में अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है।
हादसे से पहले दोस्तों को भेजे थे स्पीड के वीडियो
जांच में यह भी पता चला है कि हादसे से कुछ समय पहले अभिनव ने कार के स्पीडोमीटर के वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड की थीं। उसने इन्हें स्नैपचैट के जरिए अपने दोस्तों को भेजा था। पुलिस इन वीडियो और तस्वीरों को हासिल करने की कोशिश कर रही है।
सीसीटीवी में रॉकेट की तरह दौड़ती दिखी कार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरंग के सीसीटीवी फुटेज में कार बेहद तेज रफ्तार से दौड़ती नजर आ रही है। प्रत्यक्ष फुटेज में उसकी गति रॉकेट जैसी दिखाई देती है। कुछ ही देर बाद कार सुरंग को राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से जोड़ने वाले मोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई।
दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभिनव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। अभिनव की मां बिहार में शिक्षिका हैं। हादसे की खबर से परिवार में मातम पसरा है।

ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com


उत्तराखंड -साइबर अपराध पर बैंकों को 15 दिन का अल्टीमेटम -हर जिले में तैनात करने होंगे नोडल अधिकारी
दून घाटी में सीलिंग की सरप्लस जमीन की खरीद-फरोख्त पर हाईकोर्ट की रोक, रजिस्ट्री न करने के निर्देश
रानीखेत में आग से स्कूटी जलकर राख, बाइक भी क्षतिग्रस्त