पंतनगर में 120वें अखिल भारतीय किसान मेले की तैयारियां अंतिम चरण में -400 से अधिक स्टॉल लगेंगे
पंतनगर, 28 सितंबर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आगामी 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले 120वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सोमवार को कुलपति सभागार में कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप की अध्यक्षता में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
कुलपति ने बताया कि इस वर्ष किसान मेले की थीम ‘स्मार्ट खेती, स्वस्थ धरती, समृद्ध किसान’ रखी गई है। मेले में आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ प्राकृतिक खेती, उन्नत बीज, कृषि यंत्र, ड्रोन तकनीक, कृषि स्टार्टअप और पारंपरिक फसलों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा। मेले में बड़े और छोटे मिलाकर 400 से अधिक स्टॉल लगाए जाने की संभावना है। इनमें किसानों को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की नवीन तकनीकों, उत्पादों, कृषि यंत्रों, बीजों और उपयोगी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
मेले में गेहूं, मक्का, मटर, तिलहनी समेत विभिन्न फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। निदेशक शोध ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इन फसलों का करीब डेढ़ गुना अधिक प्रजनक बीज तैयार किया गया है। गेहूं की विभिन्न प्रजातियों का 2039 कुंतल, जौ का 5 कुंतल, मसूर का 50 कुंतल, चना का 26 कुंतल और तिलहन का 100 कुंतल प्रजनक बीज उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा उद्यान एवं वानिकी पौधों तथा विभिन्न सब्जियों के बीज भी उपलब्ध होंगे। इनकी मूल कीमत पर 15 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी।
मुख्य महाप्रबंधक, विश्वविद्यालय फार्म ने बताया कि गेहूं की विभिन्न प्रजातियों का 2040 कुंतल बीज तैयार किया गया है, जो आधारीय, प्रमाणित और टीएल बीज के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा। इस बार मेले में शोध आधारित नवोन्मेषी कृषि, पारंपरिक खेती की विधियों एवं बीज संरक्षण तथा एग्री-स्टार्टअप के लिए तीन विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।
कुलपति ने कहा कि किसान मेला केवल कृषि उत्पादों और तकनीकों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसानों, वैज्ञानिकों, युवाओं, उद्यमियों और कृषि संस्थानों के बीच संवाद तथा तकनीक हस्तांतरण का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों और शोध केंद्रों द्वारा विकसित तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रदर्शन और संवाद की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि मेले का उद्घाटन 3 अक्टूबर को सुबह 11 बजे उत्तराखंड के राज्यपाल द्वारा किया जाएगा।
ड्रोन प्रशिक्षण के लिए आरपीटीओ की स्थापना
कुलपति ने बताया कि शिक्षित युवाओं को ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण देकर उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय के गन्ना अनुसंधान केंद्र, काशीपुर में रिमोट पायलट प्रशिक्षण संस्थान (आरपीटीओ) स्थापित किया गया है। संस्थान को डीजीसीए, भारत सरकार से अनुमति प्राप्त हुई है। प्रारंभिक तौर पर यह अनुमति दस वर्ष के लिए दी गई है।
उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त बोर्ड से दसवीं उत्तीर्ण और 18 से 60 वर्ष आयु के व्यक्ति यहां पांच दिन का प्रशिक्षण ले सकते हैं। प्रशिक्षण में ड्रोन के मूल सिद्धांत, नियम और संचालन की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद डीजीसीए की ओर से प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा, जिसकी वैधता 10 वर्ष होगी।
कुलपति ने कहा कि यह केंद्र विशेष रूप से उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कृषि क्षेत्र में भूमि एवं फसल सर्वेक्षण तथा मैपिंग जैसे कार्यों में ड्रोन पायलटों की मांग बढ़ रही है।
कुलपति ने आरपीटीओ की स्थापना में डॉ. अजित सिंह नैन, डॉ. अरविंद कुमार त्यागी और डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव के योगदान की सराहना की।
5000 गोवंश की क्षमता वाला केंद्र विकसित करने की योजना
कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित किए जा रहे ‘भारत रत्न नानाजी देशमुख निराश्रित गौवंश संवर्धन एवं अनुसंधान केंद्र’ को भी विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश की समस्या पशु संरक्षण के साथ सड़क सुरक्षा, कृषि और सामाजिक व्यवस्था से भी जुड़ी है।
केंद्र में निराश्रित गोवंश के लिए वैज्ञानिक आवास, संतुलित आहार प्रबंधन, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और स्वास्थ्य प्रबंधन की व्यवस्था प्रस्तावित है। प्रत्येक पशु की टैगिंग और डिजिटल रिकॉर्डिंग की जाएगी।
केंद्र के माध्यम से गोवंश संरक्षण के साथ अनुसंधान, प्रशिक्षण और गो-आधारित मूल्यवर्धित उत्पादों के विकास पर भी काम किया जाएगा। विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, पशु उत्पाद प्रबंध विभाग, डॉ. बृजेश सिंह को केंद्र के निदेशक का दायित्व सौंपा गया है।
कुलपति के अनुसार केंद्र की शुरुआत पहले चरण में 1000 गोवंश से करने की योजना है, जिसे आगे बढ़ाकर करीब 5000 गोवंश की क्षमता वाला केंद्र विकसित किया जाएगा। यहां निराश्रित गोवंश की उत्पादकता और प्रबंधन संबंधी समस्याओं पर शोध के साथ गोबर एवं गौमूत्र से जैविक खाद, जीवामृत, घनजीवामृत, वर्मी-कम्पोस्ट तथा पंचगव्य आधारित उत्पादों के विकास पर भी काम किया जाएगा।
विश्वविद्यालय किसानों, युवाओं और स्वयं सहायता समूहों को गौ-आधारित प्राकृतिक खेती, गौ-उत्पाद और पंचगव्य आधारित उद्यमों से जोड़ने की दिशा में भी कार्य करेगा।
पत्रकार वार्ता का संचालन निदेशक संचार डॉ. जेपी जायसवाल ने किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक विश्वविद्यालय फार्म डॉ. आरपी सिंह, निदेशक शोध डॉ. एसके वर्मा, संयुक्त निदेशक श्रम कल्याण डॉ. बृजेश सिंह, प्राध्यापक मौसम विज्ञान डॉ. एएस नैन, डॉ. अरविंद त्यागी, डॉ. अजय कुमार, सहायक निदेशक संचार डॉ. अर्पिता काण्डपाल सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर घटगढ़ के पास पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर पलटा, 12 घायल
रानीखेत में आग से स्कूटी जलकर राख, बाइक भी क्षतिग्रस्त
दुर्घटना अपडेट : नैनी-जागेश्वर में भीषण सड़क हादसा, मैक्स वाहन खाई में गिरा, मां-बेटी समेत तीन की मौत, क्षेत्र में पसरा मातम
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला : पिता को विरासत में मिली संपत्ति से बेटे को बेदखल करने का पूरा अधिकार