जयमाला के बाद शादी से इनकार करने वाले दूल्हे का मामला तीसरे दिन सुलझा -खर्च की भरपाई पर बनी सहमति
लालकुआं। बिंदुखत्ता में जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद शादी से इनकार करने वाले दूल्हे का मामला आखिरकार तीसरे दिन सुलझ गया। शादी समारोह में हुए खर्च की भरपाई और हर्जाने को लेकर तीन दिनों तक चले विवाद के बाद शनिवार शाम दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई। इसके बाद लड़की पक्ष ने दूल्हे के खिलाफ किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। दोनों पक्षों ने लिखित सुलहनामे की प्रति कोतवाली पुलिस को सौंप दी।
जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता निवासी युवती का विवाह कालाढूंगी के चकलुवा क्षेत्र के पूरनपुर गांव निवासी स्वर्गीय चंदन राम के पुत्र उमेश के साथ तय हुआ था। लड़की पक्ष के ग्रामीणों का आरोप है कि दूल्हा कई बार दहेज में कार की मांग कर चुका था, लेकिन परिवार ने उसकी मांग को गंभीरता से नहीं लिया। तय कार्यक्रम के अनुसार बारात धूमधाम से बिंदुखत्ता के तिवारीनगर नर्सरी गांव पहुंची। यहां जयमाला समेत विवाह की कई रस्में भी संपन्न हो गईं।
आरोप है कि फेरों की तैयारी के दौरान दूल्हे ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया। उसने युवती पर इधर-उधर देखने का आरोप लगाते हुए विवाह से मुकरने का फैसला सुना दिया। ग्रामीणों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।
मामले की सूचना मिलने पर बिंदुखत्ता चौकी प्रभारी गौरव जोशी दूल्हे को लालकुआं कोतवाली ले आए। इसके बाद लड़की पक्ष के ग्रामीण भी कोतवाली पहुंच गए और शादी में हुए खर्च की भरपाई के साथ ही दूल्हे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर सौंपी। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी सुबह से लड़की पक्ष के लोग कोतवाली में डटे रहे।
दोनों पक्षों के बीच कई घंटे तक चली बातचीत के बाद आखिरकार शादी समारोह में हुए खर्च की रकम की भरपाई को लेकर सहमति बन गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने आपसी सुलहनामे पर सहमति जताते हुए उसकी प्रति पुलिस को सौंप दी।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई है। लड़की पक्ष अब दूल्हे के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहता है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



मां के अंतिम दर्शन कर भावुक हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ -आज हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार