बिग ब्रेकिंग : शादी से एक रात पहले दूल्हा लापता -कोतवाली में हंगामा, दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक
रुद्रपुर। शादी की खुशियां उस वक्त मायूसी में बदल गईं, जब विवाह से ठीक एक रात पहले दूल्हा अचानक घर से लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा और मोबाइल फोन भी बंद मिला। गुरुवार को तय समय पर बारात बरेली नहीं पहुंची तो दुल्हन पक्ष के लोग खुद रुद्रपुर पहुंच गए। यहां कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के प्रीत विहार निवासी युवक का रिश्ता बरेली निवासी युवती से तय हुआ था। गुरुवार को दोनों का विवाह होना निर्धारित था। दोनों परिवारों में शादी को लेकर उत्साह था और विवाह की सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं। घर में मेहमानों का जमावड़ा था और दुल्हन पक्ष बारात के स्वागत की तैयारी में जुटा था।
इसी बीच दूल्हा अचानक घर से लापता हो गया। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आने लगा। उधर, बरेली में दुल्हन पक्ष के लोग बारात का इंतजार करते रहे। निर्धारित समय तक बारात नहीं पहुंची तो उन्होंने जानकारी जुटानी शुरू की। दूल्हे के लापता होने की बात सामने आते ही परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
शादी की तैयारियों और मेहमानों के बीच अचानक हुए इस घटनाक्रम से दुल्हन पक्ष को सामाजिक असहजता का सामना करना पड़ा। गुरुवार देर रात युवती पक्ष के लोग रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे और एसएसआई खुशवंत सिंह से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने दूल्हे के परिजनों को भी कोतवाली बुलाया, जहां दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
दुल्हन पक्ष का कहना था कि शादी तय होने के बाद अंतिम समय पर दूल्हे के लापता होने और बारात नहीं पहुंचने से उन्हें सामाजिक रूप से अपमानित होना पड़ा है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। फिलहाल युवक के अचानक लापता होने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस दोनों पक्षों से जानकारी जुटाकर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



हल्द्वानी में 24 नवंबर से सजेगा राष्ट्रीय सरस मेला – तीन दिसंबर तक चलेगा मेला, देशभर के स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों को मिलेगा उत्पादों की बिक्री व प्रदर्शन का मौका
उत्तराखंड : 22 वर्षीय युवक को बाघ ने बनाया निवाला -दो घंटे की तलाश के बाद जंगल में मिला शव