सड़क नहीं तो वोट नहीं : कोल गांव के ग्रामीणों ने 2027 के चुनाव बहिष्कार का किया ऐलान
–तीन बार सर्वे होने के बावजूद नहीं बनी सड़क, पलायन के चलते गांव का विद्यालय भी हुआ बंद
अल्मोड़ा। जिले के विकासखंड धौलादेवी की ग्राम पंचायत कोल में सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीणों ने अब वर्ष 2027 में होने वाले चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है। इस संबंध में ग्राम प्रधान कमल जोशी ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को पत्र भेजकर ग्रामीणों की समस्या से अवगत कराया है।
जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्राम कोल में वर्ष 2011 में सड़क निर्माण की योजना बनी थी। इसके बाद सड़क निर्माण के लिए दोबारा और तीसरी बार भी सर्वे कराया गया, लेकिन आज तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। लंबे समय से सड़क सुविधा नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में कहा गया है कि गांव में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के चलते ग्रामीण मजबूरन पलायन कर रहे हैं। पलायन का असर इतना अधिक हुआ है कि गांव का विद्यालय भी बंद हो चुका है। इससे गांव का भविष्य और भी चिंताजनक हो गया है।
ग्राम प्रधान के अनुसार सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी से नाराज होकर ग्राम पंचायत कोल के समस्त मतदाताओं ने वर्ष 2027 में होने वाले चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
ग्राम प्रधान कमल जोशी ने जिलाधिकारी से ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कोल गांव में सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक गांव को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिलेगी, तब तक चुनाव में भागीदारी का कोई औचित्य नहीं है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com


जयमाला के बाद शादी से इनकार करने वाले दूल्हे का मामला तीसरे दिन सुलझा -खर्च की भरपाई पर बनी सहमति
मां के अंतिम दर्शन कर भावुक हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ -आज हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार