UK-रुद्रपुर में दिनदहाड़े महिला के कानों से सोने के कुंडल झपटे -बाइक सवार बदमाश फरार
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की बालाजीपुरम कॉलोनी में बाइक सवार दो झपटमारों ने दिनदहाड़े एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके कानों से सोने के कुंडल खींच लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। छीने गए कुंडलों की कीमत करीब 40 से 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालाजीपुरम कॉलोनी में एक महिला पैदल जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक झपट्टा मारकर महिला के कानों से सोने के कुंडल खींच लिए। महिला जब तक कुछ समझ पाती, दोनों आरोपी बाइक से फरार हो चुके थे। घटना के बाद पीड़िता ने ट्रांजिट कैंप थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने के साथ ही उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुकी हैं कुंडल झपटने की घटनाएं
रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं के कानों से सोने के कुंडल झपटने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। 19 जुलाई 2026 को सिडकुल क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रही एक महिला के कान से कुंडल खींचने वाले आरोपी को राहगीरों ने पकड़ लिया था, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया था। बाद में उसके पास से कुंडल बरामद हुए थे।
वहीं, तीन अक्तूबर को जसपुर के गांधी पार्क रोड पर स्कूटी से जा रही एक महिला के कुंडल बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट लिए थे। पुलिस ने करीब चार घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर कुंडल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली थी, जबकि दूसरा आरोपी फरार था।
इसके अलावा, 10 अक्तूबर 2025 को रुद्रपुर के मुख्य बाजार में करवाचौथ की खरीदारी करने पहुंची एक महिला के कुंडल छीनने का प्रयास किया गया था।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दिनदहाड़े हो रही इन वारदातों से बाजारों और कॉलोनियों में आने-जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



UKNews-विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप -इमीग्रेशन कार्यालय सील
Uttarakhand-लालकुआं में भीषण सड़क हादसा -कैंटर की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवकों की मौत