Uknews- सड़क हादसे ने उजाड़े दो परिवार -चाय पीने निकले तीन दोस्तों में दो की मौत
–तीसरा जिंदगी और मौत के बीच जूझा, घरों में पसरा मातम
खटीमा। बिज्टी-मझोला मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। हादसे में जान गंवाने वाला साहिल अंसारी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जबकि मोनिश खान आठ भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। दोनों युवकों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कभी बच्चों की हंसी गूंजती थी, वहां अब अपनों को खोने का दर्द और सिसकियां सुनाई दे रही हैं।
साहिल अंसारी अपने माता-पिता की इकलौती संतान नहीं, बल्कि दो बहनों का इकलौता भाई भी था। पिता मोहम्मद यासीन के बुढ़ापे का सहारा और बहनों का लाडला भाई अब हमेशा के लिए बिछड़ गया। साहिल ने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद राजकीय पीजी महाविद्यालय खटीमा में बीएससी में प्रवेश लिया था। माता-पिता को बेटे से काफी उम्मीदें थीं। वे उसे पढ़ा-लिखाकर जीवन में आगे बढ़ते देखना चाहते थे, लेकिन एक सड़क हादसे ने परिवार के सारे सपने तोड़ दिए। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दोनों बहनों की आंखें अपने भाई को याद कर नम हैं।
दूसरी ओर, मोनिश खान की मौत से भी एक बड़ा परिवार सदमे में है। आठ भाई-बहनों में तीसरे नंबर का मोनिश तिरंगा चौराहे के पास स्थित एक ट्रक गैराज में मैकेनिक का काम करता था। वह मेहनत करके परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। उसकी असमय मौत से परिवार ने अपना एक सदस्य ही नहीं, बल्कि घर की खुशियों और उम्मीदों का एक बड़ा सहारा भी खो दिया।
हादसे में घायल जुनैद भी तीन भाई-बहनों में से एक है। वह सिडकुल की एक दुकान में वेल्डिंग का काम करता था। इसी साल अप्रैल में वह दुबई से घर लौटा था। साहिल, मोनिश और जुनैद तीनों ने शिवालिक इंटर कॉलेज से 12वीं तक की पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद तीनों अपने-अपने काम में जुट गए थे, लेकिन उनकी दोस्ती पहले की तरह बरकरार थी।
परिजनों के मुताबिक, नमाज अदा करने के बाद मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे तीनों दोस्त बाइक से सितारगंज जाने की बात कहकर घर से निकले थे। वहां से वे बिज्टी-मझोला मार्ग स्थित एक रेस्टोरेंट में चाय पीने पहुंचे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो दोस्तों की जिंदगी हमेशा के लिए थम गई, जबकि तीसरा घायल हो गया।
तीनों दोस्त घर से कुछ देर साथ बिताने और चाय पीने निकले थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह मुलाकात इतनी दर्दनाक याद बन जाएगी। हादसे ने दो परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी पीड़ा उन्हें जीवनभर सताती रहेगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



उत्तराखंड : नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध मौत -परिजनों ने संचालक पर लगाया हत्या का आरोप
UK-विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया को हाईकोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक
uttarakhand-हल्दूचौड़ चौराहे पर CNG टैंकर में गैस रिसाव से मचा हड़कंप -चालक फरार, आधे घंटे थमा हाईवे का ट्रैफिक