Uknews-हल्द्वानी में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार -छह चोरी की बाइक बरामद
हल्द्वानी। शहर और आसपास के क्षेत्रों में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों और चोरी की बाइक खरीदकर उनके पार्ट्स बेचने वाले एक मैकेनिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, बीते 11 अक्टूबर को बनभूलपुरा के इंदिरानगर काटा निवासी नाजिम ने घर के बाहर खड़ी अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 24 अक्टूबर को शाहबाद, रामपुर निवासी निजाम ने उत्तर उजाला क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। दोनों मामलों में बनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने गिरोह की धरपकड़ के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और सीओ रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश शुरू की।
पांच नवंबर को पुलिस टीम ने गौला बाईपास रोड पर तीन युवकों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर चोरी की बाइक खरीदने वाले मैकेनिक को भी पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पाठक निवासी आरटीओ रोड, योगेश कुमार आर्य निवासी प्रेमपुर लोश्यानी और दीपक शर्मा निवासी फूलचौड़ इंटर कॉलेज के पास आरटीओ रोड के रूप में हुई है। तीनों मुखानी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। चौथे आरोपी की पहचान विजय श्रीवास्तव निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड हल्द्वानी के रूप में हुई है, जो मोटरसाइकिल मैकेनिक है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि करन, योगेश और दीपक हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। इसके बाद चोरी के वाहन मैकेनिक विजय श्रीवास्तव को बेच देते थे। विजय उत्तर प्रदेश से खरीदार बुलाकर पूरी मोटरसाइकिलें बेचता था या उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बाजार में खपा देता था। इससे मिलने वाली रकम आरोपी आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने तीन वाहन चोरों के कब्जे से तीन स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वहीं, मैकेनिक विजय श्रीवास्तव के कब्जे से स्प्लेंडर प्रो, स्प्लेंडर प्लस और पल्सर समेत तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। ये वाहन हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित हैं।
पुलिस के मुताबिक, करन पाठक, योगेश कुमार और दीपक शर्मा के खिलाफ काठगोदाम कोतवाली में भी वाहन चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



उत्तराखंड लोअर पीसीएस 2026 का विज्ञापन जारी -54 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू
उत्तराखंड : बिना जांच क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करने पर हाईकोर्ट सख्त -कालाढूंगी थानाध्यक्ष और जांच अधिकारी तलब