उत्तराखंड : ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी -खाते से उड़ाए 3.65 लाख रुपये
हल्द्वानी। साइबर ठगों ने ई-चालान के नाम पर ऐसा जाल बिछाया कि पीड़ित के बैंक खाते की 50 हजार रुपये की दैनिक ट्रांजेक्शन लिमिट भी बेअसर साबित हुई। ठगों ने खाते से एक ही दिन में 3.65 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन और बैंक से मदद मांगी, लेकिन समय रहते रकम निकलने का सिलसिला नहीं रुक सका। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मानपुर पश्चिम निवासी महेश चंद्र कबडवाल के मुताबिक, 21 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर स्कूटर के ई-चालान से संबंधित एक लिंक आया था। उन्होंने कार्यालय के कंप्यूटर पर इसकी जांच की तो कोई चालान बकाया नहीं मिला। इसके बावजूद 24 अक्टूबर की रात दोबारा टेस्ट मैसेज आया। इसके बाद 27 अक्टूबर की शाम करीब आठ बजे उनके मोबाइल पर लगातार टेस्ट मैसेज और व्हाट्सएप संदेश आने लगे। देखते ही देखते संदेशों की संख्या 200 से अधिक हो गई। अचानक इतनी बड़ी संख्या में संदेश आने से वह परेशान हो गए।
महेश चंद्र ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर मदद मांगी। उनका आरोप है कि हेल्पलाइन से यह कहकर सहायता नहीं मिली कि जब तक बैंक खाते से कोई ट्रांजेक्शन नहीं होता, तब तक कार्रवाई नहीं की जा सकती। इसके कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से रकम कटनी शुरू हो गई। देखते ही देखते एक ही दिन में खाते से 3.65 लाख रुपये निकल गए, जबकि खाते की दैनिक ट्रांजेक्शन लिमिट महज 50 हजार रुपये थी।
खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने का पता चलने पर पीड़ित के होश उड़ गए। वह तत्काल बैंक पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। बैंक की ओर से पहले लिखित शिकायत देने को कहा गया, जिसके बाद उन्होंने शिकायत सौंपी। इसके बाद वह हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पीड़ित के अनुसार, पुलिस ने उनका मोबाइल फोन फॉर्मेट कराया, लेकिन इसके बावजूद ओटीपी आने का सिलसिला नहीं रुका। कोतवाल विजय कुमार मेहता ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



देहरादून में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज, पति-सास और ननद पर प्रताड़ना का आरोप