उत्तराखंड : लालकुआं में नकबजनी का 19 दिन में खुलासा -दो सगे भाई गिरफ्तार, 2.69 लाख के जेवरात बरामद
-50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने चोरों तक पहुंच बनाई -दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
लालकुआं। लालकुआं कोतवाली पुलिस ने घर में ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने की घटना का 19 दिन में खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.69 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान विशाल मंडल उर्फ चीमा और विकास मंडल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आजाद नगर वार्ड नंबर चार निवासी मोहनी देवी पत्नी स्व. रमेश ने 23 अक्टूबर को कोतवाली लालकुआं में तहरीर देकर बताया था कि 17 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंश सिंह के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में टीम ने जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास और संभावित ठिकानों के साथ सीमावर्ती जनपदों के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार सुरागरसी-पतारसी के बाद मुखबिर की सूचना पर 5 नवंबर को डर्बी जंगल, लालकुआं से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल मंडल उर्फ चीमा (32) और उसके सगे भाई विकास मंडल (28), निवासी आजाद नगर वार्ड नंबर चार, लालकुआं के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो सोने के मंगलसूत्र, दो जोड़ी सोने के कुंडल और पांच चांदी के सिक्के बरामद किए हैं। बरामद जेवरात की कुल कीमत करीब 2.69 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, विशाल मंडल के खिलाफ आबकारी अधिनियम, बीएनएस और गुंडा एक्ट के तहत पूर्व में सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, विकास मंडल के खिलाफ जुआ और आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, उपनिरीक्षक वंदना चौहान, हेड कांस्टेबल आनंदपुरी, पूरन सिंह रायपा तथा कांस्टेबल उमेश गिरी और संजय कुमार शामिल रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



उत्तराखंड : नैनीताल में स्वास्थ्य निदेशक कार्यालय के गेट पर मिला सात माह का भ्रूण -धनतेरस की सुबह मचा हड़कंप
गिरफ्तारी के बाद 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना अनिवार्य -अवैध हिरासत पर रिमांड भी हो सकती है खारिज : सुप्रीम कोर्ट