uttarakhand-शादी का झांसा देकर नर्स से 32 लाख की ठगी -नेपाल भागने की फिराक में था बर्खास्त फार्मासिस्ट
देहरादून। स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला नर्स से करीब 32 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को दून पुलिस ने नेपाल भागने से पहले पिथौरागढ़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान नैनीताल निवासी चारू चंद्र जोशी पुत्र उमेश चंद्र जोशी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शादी के लिए बने ऑनलाइन मंच के माध्यम से महिला से दोस्ती की और बाद में शादी का झांसा देकर उसे स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को स्वास्थ्य विभाग का ड्रग इंस्पेक्टर बताते हुए उच्चाधिकारियों से संपर्क होने का दावा किया। इसके बाद महिला से नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग तिथियों में करीब 32 लाख रुपये ले लिए। ठगी का अहसास होने पर महिला ने 17 अगस्त को नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार देहरादून समेत हल्द्वानी, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ सात से अधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। आरोपी पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका है।
चार साल पहले संविदा से हुआ था बर्खास्त
पुलिस के अनुसार चारू चंद्र जोशी पूर्व में स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत था। धोखाधड़ी के मामलों में जेल जाने के बाद करीब चार वर्ष पूर्व उसे संविदा सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बावजूद वह कथित तौर पर लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करता रहा।
नेपाल भागने की तैयारी में था आरोपी
मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश में सर्विलांस और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई। पुलिस को सूचना मिली कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है और पिथौरागढ़ के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में है।
सूचना मिलने पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पिथौरागढ़ पुलिस से समन्वय किया और एक टीम को तत्काल पिथौरागढ़ भेजा। गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी चारू चंद्र जोशी को पिथौरागढ़ के एंचोली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को पिथौरागढ़ न्यायालय में पेश किया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे देहरादून लाया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके द्वारा की गई अन्य धोखाधड़ी की घटनाओं और ठगी की रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

भीमताल : हरेला मेले में 22 लाख की आय, खर्च 26 लाख -3.84 लाख का घाटा कहां से आया, मेला अधिकारी दें जवाब