2500 करोड़ के साइबर फ्रॉड में 20 गिरफ्तार -निजी बैंकों के तीन अधिकारी भी शामिल
नई दिल्ली। गुजरात के राजकोट में करीब 2500 करोड़ रुपये के बड़े साइबर फ्रॉड का खुलासा हुआ है। मामले की जांच के दौरान निजी बैंकों के अधिकारियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर 20 हो गई है।
राजकोट (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक विजय गुर्जर ने बताया कि पाधाधरी स्थित यस बैंक के पर्सनल मैनेजर मौलिक कामानी, जामनगर स्थित एक्सिस बैंक के मैनेजर कल्पेश डांगरिया और एचडीएफसी बैंक के पर्सनल बैंकर अनुराग बाल्धा को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में सामने आया है कि मौलिक कामानी ने पहले से गिरफ्तार आरोपियों की मदद करते हुए कई संदिग्ध बैंक खाते खुलवाए और उनका संचालन कराया। उसने विभिन्न दस्तावेजों के जरिए इन खातों को सक्रिय बनाए रखा, ताकि बड़ी रकम के लेन-देन के बावजूद बैंक के अलर्ट से बचा जा सके।
पुलिस के अनुसार, कल्पेश डांगरिया ने फर्जी पहचान के आधार पर खाते खुलवाने में अहम भूमिका निभाई, जबकि अनुराग बाल्धा ने सत्यापन और प्रमाणन प्रक्रिया पूरी कर इन खातों को वैध रूप देने में मदद की। तीनों आरोपी इन खातों से नकदी निकालकर हवाला नेटवर्क के जरिए रकम आगे पहुंचाने में भी शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि अब तक इस साइबर फ्रॉड रैकेट से जुड़े 85 बैंक खातों की पहचान की जा चुकी है। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर इस मामले से जुड़ी 535 शिकायतें दर्ज हैं। फिलहाल सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com
रामनगर के हल्दूवा में भीषण सड़क हादसा -बाइक सवार युवक की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
uttarakhand-चढ़ाई पर अनियंत्रित होकर पलटी खनिज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चालक की मौत
मुकेश कुमार कोहली को पीएच.डी. की उपाधि