शीतलहर को लेकर अलर्ट: मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को दिए व्यापक तैयारियों के निर्देश
देहरादून। प्रदेश में संभावित शीतलहर एवं बर्फबारी को लेकर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने शीतऋतु के दौरान जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियों के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों द्वारा नोडल अधिकारियों की नामिती तत्काल की जाए तथा प्रत्येक जनपद में कोल्ड वेव एक्शन प्लान तैयार कर उसके अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में बर्फबारी एवं पाला प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हीकरण किया जाए और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की समुचित व्यवस्था की जाए।
उन्होंने शीतलहर व बर्फबारी से बचाव हेतु सभी जनपदों में अस्थायी रैनबसेरों की व्यवस्था करने तथा इसके लिए पृथक नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुसार कम्बलों के वितरण की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जनपदों में चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कार्यरत आपातकालीन चिकित्सकों की सूची, उनके मोबाइल नंबर तथा आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही पशुओं के लिए भी पर्याप्त मात्रा में चारे एवं दवाइयों का भंडारण तथा आपातकालीन सेवाओं हेतु पशु चिकित्सकों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शीतऋतु के दौरान खाद्य आपूर्ति, पेयजल एवं ईंधन का मार्च माह के अंत तक पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए। भारी बर्फबारी से प्रभावित होने वाले दूरस्थ क्षेत्रों में दिसंबर माह के अंत तक खाद्य सामग्री, पेयजल एवं ईंधन का भंडारण अनिवार्य रूप से कर लिया जाए।
मुख्य सचिव ने बर्फ से ढकी सड़कों को खोलने के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, बर्फबारी एवं पाला प्रभावित क्षेत्रों में साइनेज तथा रिफ्लेक्टर लगाने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही ट्रैकिंग कराने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों के साथ बैठक कर उन्हें स्पष्ट निर्देश देने को कहा कि ट्रैकिंग पर जाने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, सचिव दीपेन्द्र कुमार चौधरी, डॉ. एस.एन. पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव रंजना राजगुरू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

UP…गरीबी बनी मौत की वजह! मासूम रेप पीड़िता को इलाज से ठुकराने वाले अस्पतालों पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त प्रहार
उत्तराखंड…हाईकोर्ट का सख्त रुख : पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता अवमानना के दोषी –10 दिन में आदेश नहीं माना तो भुगतनी होगी सजा