दुःखद खबर उत्तराखंड : खाई में गिरी ईको कार, आठ लोगों की मौत, चार घायल
शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा जनपद पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र में रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक ईको कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर लौट रही थीं महिलाएं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या यूके15 टीए 2152 में कुल 12 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ईको कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में अधिकांश महिलाएं भंगनवांण गांव की निवासी बताई जा रही हैं।
रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से पुलिस एवं प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर खाई में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। चारों घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी है।
हादसे में इन आठ लोगों की हुई मौत
दुर्घटना में भंगनवांण निवासी कांति देवी (45) पत्नी दिनेश चंद्र, रेखा देवी (42) पत्नी प्रेम सिंह, वाहन चालक अनिल देवराड़ा (48) पुत्र जयानंद, सुमित्रा देवी (50) पत्नी रमेश सिंह, सुनीता देवी (45) पत्नी मदन सिंह, धनेश्वरी देवी (46) पत्नी किशन चंद्र, सरोजनी देवी (38) पत्नी मोहन सिंह और रजनी देवी (25) की मौत हो गई।
वहीं, शशि देवी (35) पत्नी गजेंद्र सिंह, शकुंतला देवी (45) पत्नी महेंद्र सिंह, जगदीश सिंह पुत्र भोपाल सिंह और सत्यवती देवी (36) पत्नी जगदीश घायल हुए हैं। सभी घायल भंगनवांण क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, घायलों को बेहतर उपचार के निर्देश
मुख्यमंत्री ने पौड़ी के कलवाड़ी, रिखणीखाल में हुए इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



जागेश्वर संग्रहालय से मूर्तियां दिल्ली ले जाने की आशंका पर भड़के ग्रामीण -पुरातत्व विभाग की टीम का विरोध
77वें वार्षिक अधिवेशन में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने पशुपालकों को दी बड़ी सौगात -6.50 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि बांटी
मोटाहल्दू में केबल चोरों का आतंक! किसानों की सिंचाई पर संकट, रात के अंधेरे में नलकूपों को बना रहे निशाना