जागेश्वर संग्रहालय से मूर्तियां दिल्ली ले जाने की आशंका पर भड़के ग्रामीण -पुरातत्व विभाग की टीम का विरोध
–स्थानीय लोगों ने मूर्तियों को बाहर न ले जाने का लिखित आश्वासन मांगा -प्रशासन ने कहा- फिलहाल स्थानांतरण की कोई कार्रवाई नहीं
जागेश्वर (अल्मोड़ा)। जागेश्वर धाम स्थित संग्रहालय से प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की सूचना पर शनिवार को स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। जनप्रतिनिधि, व्यापार मंडल के सदस्य, पुजारी और ग्रामीण संग्रहालय परिसर में एकत्र हुए और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की टीम के समक्ष विरोध दर्ज कराया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें विश्वास में लिए बिना मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही है।
ग्रामीणों और पुजारियों का कहना है कि जागेश्वर मंदिर समूह की दुर्लभ प्राचीन मूर्तियां लंबे समय से संग्रहालय में सुरक्षित रखी गई हैं। ये मूर्तियां क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था से जुड़ी हैं। उन्होंने पुरातत्व विभाग से लिखित आश्वासन देने की मांग की कि संग्रहालय से किसी भी मूर्ति को बाहर नहीं ले जाया जाएगा। ऐसा आश्वासन नहीं मिलने पर संग्रहालय के गेट पर धरना और अनशन शुरू करने की चेतावनी भी दी गई।
इस संबंध में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक, नई दिल्ली को पत्र भेजा गया है। यह पत्र अधीक्षण पुरातत्वविद्, देहरादून मंडल के माध्यम से भेजा गया है। इसकी प्रतिलिपि प्रधानमंत्री कार्यालय, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री और जिलाधिकारी अल्मोड़ा को भी प्रेषित की गई है। पत्र पर ग्राम पंचायत फुलई के प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य मुन्नी पाण्डेय, ग्राम पंचायत मन्तोला गूँठ के प्रधान, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और अन्य क्षेत्रवासियों के हस्ताक्षर हैं।
मूल्यांकन और भौतिक परीक्षण की कार्रवाई नहीं हुई
इधर, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल संग्रहालय की किसी भी मूर्ति को स्थानांतरित करने की कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, नई दिल्ली स्थित युग-युगीन भारत संग्रहालय में प्रदर्शनी के प्रस्ताव के तहत कुछ मूर्तियों की स्थिति के परीक्षण और पूर्व मूल्यांकन के लिए विशेषज्ञ समिति गठित की गई थी।
शनिवार को समिति के जागेश्वर पहुंचने पर स्थानीय पुजारियों और नागरिकों ने अपनी आपत्तियां और भावनाएं व्यक्त कीं। इसके बाद समिति ने प्रस्तावित मूल्यांकन एवं भौतिक परीक्षण की कार्रवाई नहीं की। प्रशासन के मुताबिक, समिति ने अपने प्रतिवेदन में चयनित मूर्तियों को आगे की अनुशंसा के लिए नामित नहीं किए जाने की बात कही है। यह प्रतिवेदन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को भेज दिया गया है।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भी पूरे प्रकरण से एएसआई के महानिदेशक को अवगत कराया है। जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करने और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



दुःखद खबर उत्तराखंड : खाई में गिरी ईको कार, आठ लोगों की मौत, चार घायल
77वें वार्षिक अधिवेशन में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने पशुपालकों को दी बड़ी सौगात -6.50 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि बांटी
मोटाहल्दू में केबल चोरों का आतंक! किसानों की सिंचाई पर संकट, रात के अंधेरे में नलकूपों को बना रहे निशाना