अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था का आश्वासन -सफाई सुधारने और मरीजों से शालीन व्यवहार के निर्देश

खबर शेयर करें 👉

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की विभिन्न समस्याओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय पाण्डे ने महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा प्रो. आशुतोष सयाना के समक्ष मुद्दे उठाए। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता, नर्सिंग कॉलेज में फैकल्टी की कमी, सफाई व्यवस्था, एंबुलेंस सेवा और मरीजों व तीमारदारों के साथ कर्मचारियों के व्यवहार पर चर्चा हुई। महानिदेशक ने रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था कराने का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को सफाई सुधारने और मरीजों के साथ शालीनता से पेश आने के निर्देश दिए।

महानिदेशक प्रो. आशुतोष सयाना ने मेडिकल कॉलेज के आईसीयू, एनआईसीयू, प्रसूति विभाग सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने नवनिर्मित भवन और नर्सिंग कॉलेज का जायजा लेने के साथ अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

रेडियोलॉजिस्ट की कमी का मुद्दा उठा

संजय पाण्डे ने अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी का मामला उठाते हुए जल्द व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर महानिदेशक ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था करवाई जा रही है। इससे मरीजों को जांच संबंधी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, यूरोलॉजी और न्यूरोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। इसके साथ ही एंबुलेंस और 108 सेवा से संबंधित समस्याओं की ओर महानिदेशक का ध्यान आकर्षित किया।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  मंत्री कैड़ा ने सर्पदंश से मृतक जोध सिंह के परिजनों को सौंपा 10 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक

संजय पाण्डे ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का दबाव अधिक है, ऐसे में मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक स्टाफ की तैनाती जरूरी है। इससे मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा और उन्हें छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए हल्द्वानी, देहरादून या अन्य शहरों की ओर जाने की मजबूरी कम होगी।

कूड़ा हटाने और शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में डंपिंग जोन के पीछे कूड़ा जमा होने का मामला भी सामने आया। संजय पाण्डे ने कूड़े की वीडियो महानिदेशक को दिखाई, जिसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कूड़ा हटाने और अस्पताल के शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

संजय पाण्डे ने कहा कि जिन वार्डों में सामान्य दिनों में गंदगी की शिकायतें सामने आती हैं, वे निरीक्षण के दिन साफ-सुथरे दिखाई दिए। उन्होंने आशंका जताई कि अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं को बेहतर दिखाने के लिए विशेष सफाई कराई गई होगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता केवल निरीक्षण के दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रतिदिन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। मरीजों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की नियमित जिम्मेदारी है।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  UKNews-विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप -इमीग्रेशन कार्यालय सील

मरीजों और तीमारदारों से संवेदनशील व्यवहार पर जोर

संजय पाण्डे ने अस्पताल में मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ कर्मचारियों के व्यवहार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उपचार के लिए आने वाले मरीज पहले ही बीमारी और मानसिक परेशानी से जूझ रहे होते हैं। ऐसे में उनके साथ सम्मान, संवेदनशीलता और शालीनता से व्यवहार किया जाना चाहिए।

इस पर महानिदेशक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ शालीनता तथा सेवा भाव से पेश आने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में बेहतर वातावरण बनाए रखने और मरीजों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करने पर जोर दिया।

नर्सिंग कॉलेज में फैकल्टी की कमी पर जताई चिंता

बैठक के दौरान नर्सिंग कॉलेज में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। संजय पाण्डे के अनुसार, कॉलेज में मात्र पांच फैकल्टी सदस्यों के भरोसे शिक्षण व्यवस्था संचालित हो रही है। इनमें एक फैकल्टी सदस्य संविदा पर कार्यरत हैं, जबकि एक अन्य सदस्य सेवानिवृत्त होने वाली हैं। उन्होंने पर्याप्त फैकल्टी की तैनाती की मांग करते हुए कहा कि शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई, व्यावहारिक प्रशिक्षण और शैक्षणिक गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  UK-रामनगर के रिसॉर्ट में युवती से दुष्कर्म का आरोप -कंपनी के दो कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

संजय पाण्डे ने कहा कि अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग एवं अन्य आवश्यक स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता, नियमित सफाई, सुचारु एंबुलेंस सेवा और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि महानिदेशक की ओर से दिए गए निर्देशों और समस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों से अस्पताल की व्यवस्थाओं में स्थायी सुधार होगा तथा अल्मोड़ा और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जीएस तितियाल, प्रो. अशोक कुमार, डॉ. अनिल पाण्डे, मिशिगन यूनिवर्सिटी के डीन प्रो. आशीष जोशी, नर्सिंग अधीक्षिका डॉ. आशा गंगोला, दीपक जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जोशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

Ad Ad
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119