UK-रामनगर के रिसॉर्ट में युवती से दुष्कर्म का आरोप -कंपनी के दो कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रामनगर के ढेला रोड स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित कॉर्पोरेट आउटिंग के दौरान कंपनी में कार्यरत एक युवती के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दिल्ली निवासी युवती ने कंपनी के दो कर्मचारियों पर दुष्कर्म और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर रामनगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, 24 और 25 अक्टूबर को एक निजी कंपनी के दस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रिसॉर्ट में कॉर्पोरेट आउटिंग आयोजित की गई थी। युवती ने 26 अक्टूबर को पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 24 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 11 बजे उसे रिसॉर्ट के कमरा नंबर 311 में बुलाया गया। वहां कंपनी की सेल्स टीम के कई सदस्य मौजूद थे और शराब का सेवन कर रहे थे।
युवती ने शिकायत में लगाए गंभीर आरोप
शिकायत के अनुसार, युवती ने आरोप लगाया कि शुभम भाटला ने उसे जबरन शराब पिलाई। इसके बाद किस करने की अनुमति मांगने पर उसने इनकार कर दिया। युवती का आरोप है कि इसके बावजूद उसे बिस्तर पर धक्का देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता ने कंपनी के दूसरे कर्मचारी सौरभ ठाकुर पर भी कमरे में बुलाए जाने के बाद दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, युवती की तबीयत बिगड़ने और बार-बार उल्टी होने के बाद उसे दूसरे कमरे में ले जाया गया, जहां कंपनी के अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
युवती ने बताया कि अगले दिन भी उसकी तबीयत खराब रही और निजी अंगों में दर्द हो रहा था। इसके बाद उसने कंपनी की एचआर मैनेजर को घटना की जानकारी दी और पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मामले में एफआईआर संख्या 345/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 62 और 64 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, मामले में दोनों युवकों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।
रामनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार जांच और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था का आश्वासन -सफाई सुधारने और मरीजों से शालीन व्यवहार के निर्देश
सांसद अजय भट्ट ने मोहान से चौखुटिया मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग-109 बनाने की उठाई मांग