राम मंदिर चंदा चोरी में बड़ा खुलासा : गुप्त ठिकाने पर होता था करोड़ों के चढ़ावे का बंटवारा -VIP दर्शन के नाम पर भी लाखों की अवैध वसूली
-रिमांड पर आरोपी अविनाश शुक्ला का कबूलनामा, 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के पास छिपा था सिंडिकेट का अड्डा; पुलिस को मिले अहम सबूत, जांच में कई नए नाम आने की संभावना
अयोध्या। राम जन्मभूमि मंदिर के चर्चित चंदा चोरी मामले की जांच में लगातार बड़े खुलासे हो रहे हैं। पुलिस रिमांड पर पूछताछ के दौरान आरोपी अविनाश शुक्ला ने कथित तौर पर खुलासा किया कि मंदिर में चढ़ावे से चोरी की गई रकम का बंटवारा 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के पास एक गुप्त ठिकाने पर किया जाता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वहां से कई अहम सबूत और कीमती सामान बरामद करने का दावा किया है।
जांच के अनुसार, अब तक गिरफ्तार आरोपियों में अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, कमलेश पांडेय और टिन्नू यादव समेत अन्य लोग चोरी के बाद इसी ठिकाने पर इकट्ठा होकर रकम का बंटवारा करते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि टिन्नू यादव ने कथित तौर पर मंदिर परिसर में अपना प्रभावशाली नेटवर्क बना रखा था। आरोप है कि उसके कई रिश्तेदार अलग-अलग पदों पर कार्यरत थे और काउंटिंग रूम की चाबी भी उसके परिवार के एक सदस्य के पास रहती थी। वॉकी-टॉकी के जरिए पूरे परिसर में उसकी सक्रिय भूमिका होने का भी दावा किया गया है।
जांच में एक और बड़ा खुलासा वीआईपी दर्शन के नाम पर अवैध वसूली को लेकर हुआ है। आरोप है कि मंदिर ट्रस्ट के निशुल्क वीआईपी पास का दुरुपयोग कर होटल और होमस्टे के माध्यम से श्रद्धालुओं से 500 से 2000 रुपये तक वसूले जाते थे। इस नेटवर्क में ‘छोटू’ नाम के व्यक्ति की भी कथित भूमिका सामने आई है, जो सीधे श्रद्धालुओं को वीआईपी एंट्री दिलाने का काम करता था।
जांच एजेंसियों का मानना है कि इस पूरे नेटवर्क में मंदिर से जुड़े कुछ अन्य प्रभावशाली लोग और बाहरी दलाल भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस अब पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
(नोट: यह खबर पुलिस जांच और आरोपियों से पूछताछ में सामने आए दावों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और आरोप अदालत में सिद्ध होना शेष है।)
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उप…काशी विश्वनाथ मंदिर में सुरक्षा में बड़ी चूक -पीएसी जवान की कार्बाइन से चली गोली, तीन श्रद्धालु घायल
उत्तराखंड…गरीबी और संघर्ष को मात देकर चमका चूलागांव का विजय : नवोदय विद्यालय चंपावत में चयन, हाईस्कूल में भी बना विद्यालय टॉपर