फर्जी सरकारी नौकरी घोटाला: ईडी ने 6 राज्यों में 15 ठिकानों पर मारे छापे
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फर्जी सरकारी नौकरी घोटाले के खिलाफ गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के छह राज्यों में 15 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह अभियान गुरुवार तड़के शुरू हुआ, जो समाचार लिखे जाने तक जारी था।
ईडी की यह कार्रवाई उन गिरोहों के खिलाफ की जा रही है, जो विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर युवाओं से ठगी कर रहे थे। इस पूरे अभियान का नेतृत्व ईडी के पटना क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बिहार में 3, पश्चिम बंगाल में 2, केरल में 4, उत्तर प्रदेश में 4, जबकि तमिलनाडु और गुजरात में 1-1 ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है। ईडी की टीमें बिहार के मुजफ्फरपुर और मोतिहारी, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, केरल के एर्नाकुलम, पंडालम, अडूर और कोडुर, तमिलनाडु के चेन्नई, गुजरात के राजकोट तथा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, प्रयागराज और लखनऊ में कई स्थानों पर पहुंचीं। अभियान में संबंधित राज्यों की पुलिस भी सहयोग कर रही है।
जांच में सामने आया है कि इस फर्जीवाड़े का खुलासा सबसे पहले भारतीय रेलवे से जुड़ा हुआ मिला था, जो बाद में वन विभाग, रेलवे भर्ती बोर्ड, भारतीय डाक, आयकर विभाग, हाई कोर्ट, लोक निर्माण विभाग, बिहार सरकार, दिल्ली विकास प्राधिकरण, राजस्थान सचिवालय समेत 40 से अधिक सरकारी विभागों और संगठनों तक फैल गया।
ईडी की जांच में यह भी पता चला है कि आरोपियों ने सरकारी डोमेन की नकल कर फर्जी ई-मेल आईडी बनाई और उनके जरिए फर्जी नियुक्ति व तैनाती पत्र जारी किए। लोगों का भरोसा जीतने के लिए कुछ पीड़ितों को दो से तीन महीने तक शुरुआती वेतन भी दिया गया। इन पीड़ितों को भारतीय रेलवे में सुरक्षाकर्मी, यात्रा टिकट परीक्षक (टीटीई) और तकनीशियन जैसे पदों पर नियुक्त किए जाने का झांसा दिया गया था।
ईडी को इस कार्रवाई के दौरान कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत मिलने की उम्मीद है। मामले में आगे की जांच जारी है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम