उत्तराखंड : धामी कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्तावों पर मुहर -आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय 1700 रुपये बढ़ेगा
–वन आरक्षी की अधिकतम आयु सीमा 28 वर्ष, हरिद्वार में बनेंगे तीन पीआरटी कॉरिडोर -चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी देगी सरकार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कर्मचारियों, श्रमिकों, स्वास्थ्य सेवाओं, परिवहन, खनन और शहरी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि करने के साथ ही वन आरक्षी की अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय लिया है। वहीं, हरिद्वार में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तीन पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) कॉरिडोर बनाने को भी मंजूरी दी गई।
आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि
कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। वर्तमान में उन्हें 8300 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
वन आरक्षी की आयु सीमा 28 वर्ष
वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी। इससे भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा।
हरिद्वार में बनेंगे तीन पीआरटी कॉरिडोर
हरिद्वार में कुल 21.08 किलोमीटर लंबाई के तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इनमें 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। पहले कॉरिडोर की लंबाई 15 किलोमीटर होगी, जो सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनेगा। परियोजना से शहर में यातायात का दबाव कम करने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी
चीनी मिलों को ऋण लेने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी। इससे मिलों को वित्तीय सहायता प्राप्त करने में सहूलियत होगी।
असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष
श्रम विभाग के तहत उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले कर्मकारों के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की जाएंगी। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत उत्तराखंड फार्मा संवर्ग में भी संशोधन को मंजूरी दी गई है। अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे।
पीजी डॉक्टरों के लिए दो साल का सेवा बॉन्ड
राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी की पढ़ाई करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा अनुबंध (बॉन्ड) लागू किया जाएगा। इसके अलावा उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को भी मंजूरी दी गई है।
खनन शुल्क पांच से बढ़ाकर 15 प्रतिशत
खनन विभाग के तहत जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है। हालांकि, खनन की रॉयल्टी में कोई वृद्धि नहीं की गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति गठित की गई है। समिति की संस्तुतियों के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
लैंड यूज बदलने की दरों में 25 प्रतिशत कमी
राज्य में भूमि उपयोग (लैंड यूज) परिवर्तन की दरों में करीब 25 प्रतिशत की कमी की गई है। इसके साथ ही भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में भी शिथिलता देने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए प्राधिकरण, यूडीए और शासन स्तर पर अनुमति की व्यवस्था होगी।
वन भूमि पर बसी आबादी को लेकर सैद्धांतिक सहमति
बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि समेत बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने सैद्धांतिक सहमति दी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत राज्य सरकार अब इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।
आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित होंगे
आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित किए जाएंगे। इसके अलावा सेतु आयोग में आईटी से संबंधित पदों को भी मंजूरी दी गई है। उत्तराखंड महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
अन्य महत्वपूर्ण फैसले
- सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद स्वीकृत किया गया।
- उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
- उत्तराखंड में कार्य नहीं करने के कारण एनएचआईडीसीएल को सूचीबद्धता से हटाने का निर्णय लिया गया।
- पंचम विधानसभा के सत्र का सत्रावसान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



Uknews-वनाग्नि पर हाईकोर्ट सख्त -केंद्र और राज्य सरकार को चार सप्ताह में नया शपथपत्र दाखिल करने के निर्देश
Uknews-रामनगर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार -पांच महिलाओं समेत आठ गिरफ्तार