Uknews-वनाग्नि पर हाईकोर्ट सख्त -केंद्र और राज्य सरकार को चार सप्ताह में नया शपथपत्र दाखिल करने के निर्देश
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने प्रदेश के जंगलों में लगने वाली आग (वनाग्नि) पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर दायर स्वतः संज्ञान मामले में केंद्र और राज्य सरकार को चार सप्ताह के भीतर नया शपथपत्र दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए भी तिथि निर्धारित की है।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ के समक्ष हुई सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से बताया गया कि हाईकोर्ट ने पूर्व में वनाग्नि की रोकथाम के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए थे, लेकिन उनमें से कुछ का व्यावहारिक रूप से पालन करना संभव नहीं हो पाया। इसके बाद राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को वापस हाईकोर्ट भेजते हुए वनाग्नि पर नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक और तकनीकी समाधान तलाशने के सुझाव दिए थे।
हाईकोर्ट ने इससे पहले अगस्त माह में भी केंद्र और राज्य सरकार से नया शपथपत्र दाखिल करने को कहा था, लेकिन निर्धारित समय तक शपथपत्र पेश नहीं किए जाने पर कोर्ट ने दोनों सरकारों को एक बार फिर चार सप्ताह का समय दिया है।
2021 में स्वतः संज्ञान लेकर जारी किए थे निर्देश
गौरतलब है कि वर्ष 2021 में समाचार पत्रों में प्रकाशित वनाग्नि की घटनाओं से संबंधित खबरों और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के पत्र का स्वतः संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने वन, वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए थे। इन निर्देशों का प्रभावी अनुपालन नहीं होने के कारण मामले को दोबारा सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया।
2016 की गाइडलाइन पर भी नहीं हुआ प्रभावी अमल
इससे पहले वर्ष 2016 में भी हाईकोर्ट ने जंगलों को आग से बचाने के लिए विस्तृत गाइडलाइन जारी की थी। इसमें ग्राम स्तर पर वनाग्नि बुझाने वाली समितियों के गठन, स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव शामिल थे। हालांकि, इन दिशा-निर्देशों पर अब तक अपेक्षित प्रभावी अमल नहीं हो पाया है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



Uknews-रामनगर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार -पांच महिलाओं समेत आठ गिरफ्तार