UK-मनी लॉन्ड्रिंग मामला : बनमीत और परविंदर सिंह को हाईकोर्ट से झटका, जमानत याचिकाएं खारिज
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी बनमीत सिंह और परविंदर सिंह की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं। इसके साथ ही अदालत ने देहरादून स्थित विशेष पीएमएलए अदालत द्वारा 12 जून 2026 को पारित रिमांड बढ़ाने के आदेशों को चुनौती देने वाली याचिकाओं को भी निरस्त कर दिया। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि शिकायत दर्ज होने के बाद संज्ञान नहीं लिए जाने की स्थिति में भी विशेष अदालत को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने का अधिकार है।
मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी की एकलपीठ में हुई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुसार, बनमीत सिंह और परविंदर सिंह ने डार्क वेब और ऑनलाइन माध्यमों से यूरोप, अमेरिका सहित कई देशों में अवैध नशीली दवाओं की तस्करी की। आरोप है कि इस कारोबार से अर्जित धन को क्रिप्टोकरेंसी (बिटकॉइन) और विदेशी मुद्रा के माध्यम से वैध दिखाने का प्रयास किया गया।
जांच एजेंसी के मुताबिक, बनमीत सिंह अमेरिका में सजा काटने के बाद अप्रैल 2024 में भारत आया था, जहां उसे गिरफ्तार किया गया। मामले में 4,250 बिटकॉइन समेत अपराध से अर्जित आय और उससे जुड़े अन्य वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है।
आरोपियों की ओर से अदालत में दलील दी गई कि संज्ञान आदेश निरस्त होने के बाद रिमांड बढ़ाने की प्रक्रिया वैध नहीं रह जाती। इसके अलावा, उन्होंने 8 जून 2026 को भौतिक रूप से पेश नहीं किए जाने और लंबे समय से हिरासत में रहने का आधार बनाते हुए राहत की मांग की थी।
हालांकि, हाईकोर्ट ने इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने कहा कि बाद में पारित वैध रिमांड आदेश से पहले की प्रक्रियात्मक अनियमितता दूर हो सकती है। न्यायालय ने मामले की अंतरराष्ट्रीय प्रकृति, बड़ी मात्रा में क्रिप्टोकरेंसी के लेनदेन और पीएमएलए के तहत जमानत के लिए निर्धारित कड़ी शर्तों को ध्यान में रखते हुए कहा कि केवल लंबे समय से हिरासत में रहने के आधार पर आरोपियों को जमानत नहीं दी जा सकती।
इस तरह हाईकोर्ट ने दोनों आरोपियों की जमानत याचिकाओं के साथ रिमांड आदेशों को चुनौती देने वाली याचिकाएं भी खारिज कर दीं।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ में गैंगस्टर नसीम दुर्रानी ढेर, छोटा शकील से जुड़े तार -कपिल मिश्रा के दफ्तर पर फायरिंग में था वांछित
uttrakhand-नाबालिग की शादी कराने की तैयारी -पुलिस और बाल कल्याण विभाग ने रुकवाया विवाह