ओखलकांडा हादसा अपडेट…एक ही गांव के सात लोगों की मौत, दो सगे भाई भी मौत के मुंह में समाए -एक परिवार के तीन लोगों की मौत, एक घायल

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक के छीड़ाखान-रीठासाहिब मोटर मार्ग पर शुक्रवार की सुबह सड़क हादसा हो गया। एक टैक्सी वाहन लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना पर जिला प्रशासन घटनास्थल पर पहुंचा और राहत बचाव कार्य शुरू किया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक कुल 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें से 7 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोगों ने ओखलकांडा अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। इसके अलावा 2 गंभीर रूप से घायलों को हल्द्वानी रेफर किया गया। जिसमें से टैक्सी चालक ने धारी के पास दम तोड़ दिया। वहीं एक व्यक्ति का ओखलकांडा में इलाज चल रहा है। हादसे में मृतकों का घटनास्थल पर ही पोस्टमार्टम किया जायेगा, इसके लिए नैनीताल सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने एक टीम घटनास्थल पर भेजी। बताया जा रहा है कि बाइक और टैक्सी वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद बाइक और वाहन दोनों 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। मृतकों में शामिल सभी एक ही परिवार/बिरादरी के बताए गए हैं, जो कि ग्राम डालकन्या के रहने वाले हैं। वाहन चालक 36 वर्षीय राजेंद्र पनेरू पुत्र लालमणी निवासी डालकन्या की भी हल्द्वानी ले जाते समय धारी के पास मौत हो गई। इसके अलावा दो सगे भाई जो बाइक पर सवार थे उनकी भी ओखलकांडा अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। जिसमें 25 वर्षीय शिवराज सिंह पुत्र कुंवर सिंह निवासी ग्राम अघोड़ा, 20 वर्षीय नवीन सिंह पुत्र कुंवर सिंह निवासी ग्राम अघोड़ा शामिल हैं। वहीं घायलों में 46 वर्षीय हेम चंद्र पनेरू निवासी ग्राम डालकन्या तथा 11 वर्षीय योगेश चंद्र पुत्र तुलसी प्रसाद निवासी ग्राम डालकन्या शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा ओखलकांडा ब्लॉक में छीड़ाखान से एक किमी आगे हुआ है। कैंपर वाहन संख्या यूके04टीबी- 2745 अचानक असंतुलित होकर खाई में जा गिरा। कैंपर में चालक सहित कुल 11 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही खनस्यूं थाना पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग की आरबीएसके की टीम मौके पर पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम में डालकन्या से डॉ. हिमेश मटियाली, डॉ. तृप्ति व स्टॉफ नर्स भावना जीना मौके पर पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग ने घायलों को उपचार के लिए ओखलकांडा रिफर किया।  वहीं राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने नैनीताल जिले में हुई वाहन दुर्घटना में मृतकों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है।

 दो सगे भाईयों की मौत से अधोड़ा गांव में मातम  ओखलकांडा ब्लॉक में हुई सड़क में अधोड़ा पदमपुर गल्पा निवासी दो सगे भाई शिवराज सिंह (25) और नरेश सिंह (20) की भी इस दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई है। दोनों भाइयों की मौत की सूचना पर घर परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई दिपावली पर घर से वापस काम पर लौट रहे थे। शिवराज हल्द्वानी में होटल और प्रॉपर्टी का कारोबार करता था, जबकि उसका छोटा भाई नरेश दिल्ली में होटल में कार्यरत था। घर में कमाने वाले यही दो भाई थे, उनके पिता कुंवर सिंह गांव में ही खेतीबाड़ी करते हैं। दोनों भाई अब अपने पीछे माता-पिता बहन और एक अपने छोटे भाई को छोड़कर गए हैं। युवा बेटों की मौत की खबर सुनकर माता-पिता सदमें में हैं ।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  बीडीसी बैठक में छाए बिजली पानी सड़क पेयजल के मुद्दे

एक परिवार के तीन लोगों की मौत

वाहन दुर्घटना में डालकन्या गांव के एक परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गयी। दुर्घटना में तुलसी प्रसाद, उनकी पत्नी एवं बेटे की मौत हो गयी। घटना में तुलसी प्रसाद पुत्र रमेश चंद्र, रमा देवी पत्नी तुलसी प्रसाद, तरुण पनेरू पुत्र तुलसी प्रसाद की मौत हो गयी। दर्दनाक हादसे के बाद सभी लोग स्तब्ध हैं। पूरा गांव शोक में डूबा है।  एक ही गांव के सात लोगों की मौत वाहन दुर्घटना में डालकन्या गांव के ही छह लोगों की मौत हो गयी। एक साथ गांव के छह लोगों की मौत से गांव में शोक की लहर है। घटना में शिकार दो लोग अधौड़ा के हैं। प्रधान सुनीता देवी व सामाजिक कार्यकर्ता संदीप कुमार ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए घटना के शिकार सभी लोगों के दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने सरकार से मृतकों के परिजनों को बीस-बीस लाख आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119