मोटाहल्दू में केबल चोरों का आतंक! किसानों की सिंचाई पर संकट, रात के अंधेरे में नलकूपों को बना रहे निशाना
मोटाहल्दू (नैनीताल )। क्षेत्र में नलकूपों और सार्वजनिक स्थानों पर केबल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बेखौफ चोर रात के अंधेरे में बिजली की केबल काटकर फरार हो रहे हैं, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट भी खड़ा होने लगा है। ताजा मामला किशनपुर सकुलिया गांव का है, जहां 27 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोर नलकूप की बिजली की केबल काटकर ले गए।
केबल चोरी होने से नलकूप का संचालन ठप हो गया है और किसानों के सामने खेतों की सिंचाई का संकट पैदा हो गया है। घटना की सूचना पूर्व ग्राम प्रधान बिपिन जोशी और क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश कब्डाल ने हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कांस्टेबल कुबेर राणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
नलकूप के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में रात करीब 1:30 बजे एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दे रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में मदद मिल सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि किशनपुर सकुलिया के इस नलकूप में पहले भी कई बार केबल चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। बार-बार हो रही चोरी के कारण किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वहीं, नलकूपों के बंद होने से पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इन घटनाओं ने खेती-किसानी से लेकर आम जनजीवन तक को प्रभावित कर दिया है।
केबल चोरों का आतंक केवल किशनपुर सकुलिया तक सीमित नहीं है। बीती रात पदमपुर देवलिया गांव के नलकूप की केबल काटे जाने की भी सूचना सामने आई है। इससे पहले अक्टूबर माह में हाईवे से सटे मोटाहल्दू स्थित शिव मंदिर से भी चोर केबल चोरी कर ले गए थे। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी की पहल पर मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए थे।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और नलकूपों व सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाने वाले चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब सवाल यह है कि आखिर कब तक चोर किसानों की सिंचाई व्यवस्था से खिलवाड़ करते रहेंगे और पुलिस इन घटनाओं पर कब अंकुश लगा पाएगी?
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



77वें वार्षिक अधिवेशन में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने पशुपालकों को दी बड़ी सौगात -6.50 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि बांटी
उत्तराखंड -अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरा कैंटर, चालक की मौत
उत्तराखंड : बच्चे ने गलती से दबाया सेल्फ बटन -30 मीटर नीचे नदी किनारे गिरी मैक्स, बाल-बाल बची जान