मोटाहल्दू…किशनपुर सकुलिया में चोरों का आतंक -शाम ढलते ही संदिग्धों की आवाजाही से दहशत, ग्रामीणों ने पुलिस से मांगा सुरक्षा का भरोसा
मोटाहल्दू(नैनीताल)। किशनपुर सकुलिया क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और शाम ढलते ही संदिग्ध लोगों की आवाजाही से ग्रामीणों में भय और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। चोर सरकारी नलकूप से लेकर खेतों के बोरिंग और निर्माणाधीन मकानों तक को निशाना बना रहे हैं। लगातार वारदातों से परेशान दर्जनों ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पुष्पा जोशी, विपिन जोशी और क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश कबड़वाल के नेतृत्व में हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी को शिकायती पत्र सौंपकर क्षेत्र में सख्त पुलिस कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार, किशनपुर सकुलिया स्थित नलकूप संख्या 18 एनपी की मुख्य बिजली केबल को चोर दो बार काटकर ले जा चुके हैं। इसके अलावा एक निर्माणाधीन मकान से बिजली फिटिंग के तार चोरी कर लिए गए। खेतों में लगे बोरिंग की बिजली केबल भी कई बार चोरी होने की शिकायत ग्रामीणों ने की है।
शाम होते ही बढ़ जाती है संदिग्धों की आवाजाही
ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही क्षेत्र में संदिग्ध लोगों और वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में चोरी के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से शाम होते ही सघन चेकिंग अभियान चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच करने तथा स्मैक, चरस और शराब की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
बाहरी लोगों के सत्यापन की उठी मांग
ग्रामीणों ने क्षेत्र में रह रहे बाहरी लोगों का पुलिस सत्यापन कराने पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि नियमित रात्रि गश्त, संदिग्धों की निगरानी और सघन चेकिंग से चोरी तथा नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
मोतीनगर में बाइक चोरी का भी नहीं लगा सुराग
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले 11 अगस्त की रात मोतीनगर क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना का भी अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर अब पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
भाकपा माले के वरिष्ठ नेता बहादुर सिंह जंगी ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि पुलिस ने जल्द चोरियों पर लगाम नहीं लगाई और अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने पुलिस से पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी तथा नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए।
वहीं चौकी प्रभारी अर्जुननाथ गोस्वामी से मामले में प्रतिक्रिया लेने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

Utrarakhand-गोरापड़ाव डकैती का खुलासा : छह गिरफ्तार, चार तमंचे और दो वाहन बरामद
नैनीताल : गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत दो बदमाश जिला बदर, दो पर अदालत की नरमी
Uttarakhand- एटीएम बदलकर खातों से रकम उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार