Utrarakhand-गोरापड़ाव डकैती का खुलासा : छह गिरफ्तार, चार तमंचे और दो वाहन बरामद

खबर शेयर करें 👉

–आठ लाख की नकदी, मोबाइल और जेवर लूटने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा—चार नए आरोपी दबोचे, हथियार व लूट में प्रयुक्त वाहन बरामद

हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर करीब आठ लाख रुपये की डकैती डालने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। घटना के महज चार दिन के भीतर पुलिस ने चार और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब तक मामले में कुल छह आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, 18 हजार रुपये की नकदी और डकैती में प्रयुक्त क्रेटा व स्कार्पियो वाहन बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वारदात में शामिल पूरे गिरोह की परतें खुलने लगी हैं।

10-12 हथियारबंद बदमाशों ने बोला था धावा

रविवार को बहुउद्देश्यीय भवन में प्रेस वार्ता करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि 19 अगस्त की शाम गोरापड़ाव स्थित एक कार्यालय/गैराज में 10-12 हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूटपाट किए जाने की सूचना डायल-112 पर मिली थी।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  UK...कोसी नदी में नहाने उतरे दिल्ली के पर्यटकों के कार चालक की डूबने से मौत -गर्जिया में हादसा

पीड़ित नारायण दास की तहरीर के अनुसार बदमाश करीब आठ लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन तथा सोने की तीन चेन और अंगूठियां लूटकर फरार हो गए थे। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

50 पुलिसकर्मियों की टीम ने खंगाला पूरा नेटवर्क

मामले की गंभीरता को देखते हुए हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के साथ थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम और अपराध विशेषज्ञ शामिल रहे।

बीडीएस, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस, पूछताछ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए आरोपितों तक पहुंच बनाई गई।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  अनजान ऐप डाउनलोड करते ही खाते से उड़ाए 1.39 लाख -साइबर ठगों ने दो बैंक खातों को बनाया निशाना

21 अगस्त को वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद अमनदीप सिंह और शिवराज सिंह को दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर जैतपुर मोड़ से दबोचा गया।

वहीं 23 अगस्त को यश सिडाना को हल्द्वानी और अफजल मलिक को किच्छा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

किससे क्या मिला?

पुलिस के अनुसार यश सिडाना के कब्जे से क्रेटा कार, 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए।

अमनदीप सिंह के पास से स्कार्पियो, तमंचा और दो कारतूस मिले।

शिवराज सिंह के कब्जे से तमंचा और एक कारतूस बरामद किया गया।

वहीं अफजल मलिक के पास से 18 हजार रुपये की नकदी, 12 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  गर्दन की मालिश के दौरान बिगड़ी महिला की तबीयत, मौत -परिजनों ने पहलवान पर लगाया लापरवाही का आरोप

चारों गिरफ्तार आरोपितों का खुलासा

गिरफ्तार आरोपितों में यश सिडाना (24) निवासी किच्छा, अमनदीप सिंह (21) निवासी जैतपुर गांव दिल्ली, शिवराज सिंह (21) निवासी अमरिया पीलीभीत और अफजल मलिक (21) निवासी अमरिया पीलीभीत शामिल हैं।

एसएसपी ने बताया कि यश सिडाना का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। अन्य आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम को 2500 रुपये का पुरस्कार

डकैती की वारदात के कुछ ही दिनों में छह आरोपितों की गिरफ्तारी और हथियार, नकदी तथा वारदात में इस्तेमाल वाहनों की बरामदगी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और लूटी गई शेष रकम व सामान के संबंध में भी जांच जारी है।

ADVERTISEMENTS

Ad Ad Ad
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119