मुनस्यारी महोत्सव के दौरान चली गोली-
पिथौरागढ़। मुनस्यारी महोत्सव के दौरान देर रात गोलीकांड हुआ। इससे एक व्यक्ति घायल हो गया। गनीमत रही कि गोली बांह से आरपार हो गई, जिससे उसकी जान बच गई। घायल को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं गोली किसने और कहां से चलाई, इसके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है। महोत्सव के बीच गोली चलने से यहां अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना के दूसरे दिन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संगठन, घायल के परिजनों व स्थानीय लोगों ने एसडीएम का घेराव कर जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
मुनस्यारी में गोलकांड की घटना शुक्रवार देर रात की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महोत्सव की समाप्ति के बाद अनुसेवक रमेश राम जनरेटर बंद करने गया। इसी बीच किसी ने पीछे से उस पर गोली चला दी। गोली उसके दांए हाथ की बांह को पार करते हुए निकल गई। गोली चलने की आवाज सुन सहयोगी प्रेम राम मौके पर पहुंचा तो रमेश घायल अवस्था में मिला। उसने घायल को सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। डॉ. ऋषि शर्मा ने कहा गोली आर-पार हुई है। फिलहाल घायल खतरे से बाहर है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका। वहीं घटना के दूसरे दिन शनिवार को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संगठन, घायल के परिजन व स्थानीय लोग बढ़ी संख्या में शिल्पी संगठन के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद के नेतृत्व में तहसील कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपी का जल्द पता लगाने की मांग पर एसडीएम का घेराव किया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। कहा शांत वादियों में इस तरह की घटनाएं सामने आना पुलिस व प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह है। चेतावनी देते हुए कहा 48 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन होगा। वहीं विधायक हरीश धामी ने एसपी से वार्ता कर जल्द घटना का खुलासा करने को कहा है।
मुनस्यारी। प्राकृतिक सुंदरता के बीच शांत माने जानी वाली पर्यटन नगरी मुनस्यारी में गोली चलने की यह पहली घटना है। स्थानीय लोगों व पुलिस रिकार्ड के मुताबिक आज से पहले कभी भी मुनस्यारी व उसके आसपास के क्षेत्र में किसी व्यक्ति पर गोली चलाने का मामला प्रकाश में नहीं आया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है। वहीं गोली चलाने वाला आरोपी कहां गया, उसने क्यों गोली चलाई, पुलिस अब भी इन्हीं बातों में उलझी है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की खोजबीन जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -भगत सिंह फोनिया, एसडीएम, मुनस्यारी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

uttarakhand-रामनगर में गन्ने के खेत में मिला युवक का शव -शरीर पर चोट के निशान से मचा हड़कंप
uttarakhand-ट्रक के केबिन में बेहोश मिला चालक -अस्पताल पहुंचते ही मौत