उत्तराखंड…करोड़ों की कॉलोनी में ‘साझेदारी’ का खेल! निवेश के बजाय प्लॉट बेचकर रकम वसूलने और ब्लैकमेलिंग का आरोप
हरिद्वार/बहादराबाद। बहादराबाद क्षेत्र में विकसित हो रही एक आवासीय परियोजना में साझेदारी के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। परियोजना के दो साझेदारों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और बहादराबाद कोतवाली में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि दो अन्य साझेदारों ने तय निवेश नहीं किया, बल्कि परियोजना को अपनी बताकर लोगों से प्लॉट बेचने के नाम पर अग्रिम धनराशि वसूल ली।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरोपियों ने साझेदारी फर्म के खाते में जमा धनराशि का भी दुरुपयोग किया। इतना ही नहीं, बाद में पांच गुना रकम की मांग करते हुए भुगतान न करने पर जमीन को विवादित कराने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, महेंद्र सिंह सैनी निवासी भागीरथी कुंज, रुड़की और प्रीतम सिंह निवासी नेहरू नगर, रुड़की, फर्म गीता इन्फ्राटेक के साझेदार हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम मूलदासपुर उर्फ माजरा और बढ़ेड़ी राजपूतान में करीब 35 बीघा भूमि पर आवासीय कॉलोनी विकसित करने के लिए एचआरडीए से नक्शा स्वीकृत कराया गया था।
शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद राजेश गुप्ता निवासी मंगोलपुरी, दिल्ली और क्षितिज अवस्थी निवासी अमरावती एन्कलेव, पंचकूला ने परियोजना में निवेश और विकास का प्रस्ताव दिया। दोनों के साथ संयुक्त विकास अनुबंध तथा बाद में संशोधित समझौता किया गया और उन्हें तपोवन ग्रीन हेबिटेट एलएलपी में साझेदार बनाया गया।
आरोप है कि समझौते के बावजूद दोनों साझेदारों ने तय निवेश नहीं किया, बल्कि परियोजना को अपना बताकर ग्राहकों से प्लॉट बुकिंग के नाम पर अग्रिम रकम वसूलनी शुरू कर दी। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…हल्द्वानी से दो नाबालिग लापता -परिवारों में मचा हड़कंप… पुलिस ने शुरू की तलाश