खाने में कॉकरोच का झूठा आरोप लगाकर ब्लैकमेलिंग -हरियाणा से तीन युवक गिरफ्तार
श्रीनगर गढ़वाल। रेस्टोरेंट के खाने में कॉकरोच मिलने का झूठा आरोप लगाकर वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और वसूली करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने साजिश के तहत रेस्टोरेंट मालिक को बदनाम करने और भारी जुर्माने की धमकी देकर पैसे वसूले थे।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामला 13 फरवरी 2026 का है। श्रीनगर निवासी एस.के. जैन ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अक्षत नाम का युवक अपने साथियों के साथ उनके रेस्टोरेंट में आया और खाने में कॉकरोच मिलने का आरोप लगाते हुए वीडियो बना ली।
इसके बाद आरोपियों ने खुद को खाद्य सुरक्षा विभाग से जुड़ा बताते हुए 10 लाख रुपये के जुर्माने और प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी दी। आरोपियों ने व्हाट्सऐप पर फर्जी नोटिस भेजकर रेस्टोरेंट मालिक पर दबाव बनाया और 2.5 लाख रुपये की मांग की।
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर रेस्टोरेंट संचालक की पुत्री ने पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से आरोपियों के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक डिटेल के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि 24 नवंबर 2025 को आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से रेस्टोरेंट में खाना खाया और बाद में ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अक्षत आनंद उर्फ साहिल (22) निवासी बेगूसराय, बिहार हाल निवासी छतरपुर, दिल्ली, सोहेल अख्तर (23) निवासी हजारीबाग, झारखंड हाल निवासी आंबेडकर कॉलोनी इन्क्लेव, दिल्ली तथा रितेश मिश्रा (22) निवासी सरायकेला, झारखंड हाल निवासी झंझर, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली श्रीनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल